LHC0088 • Yesterday 18:27 • views 1092
महिला को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
जागरण संवाददाता, बरनाला। पंजाब के बरनाला जिले के गांव ठीकरीवाला में जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पंचायत सदस्य की पत्नी ने कथित तौर पर सुनवाई न होने और लगातार तनाव से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें बरनाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार पीड़िता के पति गांव के पंचायत सदस्य हैं और उनका कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते विरोधी पक्ष ने उनके पति के खिलाफ चोरी का झूठा मामला दर्ज करवा दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया था।
यह भी पढ़ें- मिट रही है शिरोमणि अकाली दल और भाजपा की दूरिया; मिलने लगे गठबंधन के संकेत, अब सामाजिक रिश्तों की हो रही बात
आरोप- मानसिक तौर पर परेशान किया
पीड़िता ने अस्पताल में बताया कि पति की गिरफ्तारी के बाद विरोधी परिवार ने उन्हें और उनके बच्चों को मानसिक रूप से परेशान किया। उन्होंने मारपीट और धमकाने के भी आरोप लगाए। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला, जिससे वह तनाव में आ गईं।
इस घटनाक्रम के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन विवाद लंबे समय से चल रहा था, लेकिन हाल की घटनाओं ने मामले को और उलझा दिया।
यह भी पढ़ें- मंत्री चीमा का दावा- भाजपा विधायकों को खरीदकर बनाती है सरकार; पंजाब में यह राजनीति नहीं चलेगी
पुलिस ने जांच की शुरू
मामले पर सदर बरनाला थाने के प्रभारी जगजीत सिंह ने कहा कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार का आरोप है कि समय रहते उचित सुनवाई होती तो स्थिति यहां तक न पहुंचती। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
यह भी पढ़ें- भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद खन्ना अकाली दल में शामिल; संगरूर की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत |
|