बाबा पातालेश्वर नाथ की ऐतिहासिक बारात
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। महाशिवरात्रि के मौके पर वैशाली जिले के विभिन्न शिवालयों में रविवार की अल सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है। श्रद्धालु मंदिर में पूजा अर्चना कर रहे हैं। वहीं हाजीपुर नगर के महादेव बाबा पातालेश्वर नाथ मंदिर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पूजा अर्चना किया।
मुख्य आचार्य के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा की श्रद्धा भाव से आरती उतारी और फिर बाबा को बैलगाड़ी पर लेकर निकल पड़े। ऐतिहासिक शिव बारात में शहर के लाखों की भीड़ के बीच सभी का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
सातवीं के बार बाबा के गाड़ीवान
केंद्रीय मंत्री रहते हुए यह सातवां बार बाबा के गाड़ीवान बने हैं। वैसे करीब 32 वर्षों से इस भूमिका का निर्वहन वह कर रहे हैं। शिव बारात में सैकड़ों झांकी बैंड बाजा, हाथी घोड़े ऊंट भूत बेताल शामिल हैं।
शोभा यात्रा के दौरान जगह-जगह पर पुष्प बरसा कर स्थानीय लोगों के द्वारा स्वागत किया गया। शिव बारात पातालेश्वर नाथ मंदिर से निकलकर महावीर चौक, थाना चौक, गुदरी बाजार, राजेंद्र चौक सिनेमा रोड यादव चौक डाक बंगला रोड होते हुए शाम में अक्षयवट राय स्टेडियम पहुंचेगी।
जहां केंद्रीय मंत्री के द्वारा बैंड बाजा एवं झांकियां को पुरस्कृत किया जाएगा। सुरक्षा को लेकर करीब 60 पुलिस पदाधिकारी और 60 मजिस्ट्रेट के अलावा 250 पुलिस बल की तैनाती शहर के विभिन्न जगहों पर की गई है। शोभायात्रा की सुरक्षा को लेकर शहर में चाक चौबंद व्यवस्था की गई है।
जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की लगी भीड़
महाशिवरात्रि के मौके पर वैशाली जिले के विभिन्न प्रखंड अंतर्गत शिवालयों में रविवार की सुबह से ही पूजा अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं के भीड़ जुटी है। श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर पहुंचकर भगवान भोले की पूजा अर्चना कर रहे हैं। इस दौरान हर हर महादेव के नारे से पूरा माहौल भक्ति में हो गया।
महाशिवरात्रि को लेकर शिवालयों को सजाया गया है। शिवरात्रि के मौके पर वैशाली जिले के अलग-अलग जगह से शोभायात्रा निकाली जाएगी। महाशिवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। |
|