search

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच आज होने वाले सबसे बड़े मुकाबले से पहले सबकी निगाहें आसमान पर

cy520520 6 hour(s) ago views 568
  

रविवार को खेला जाएगा महामुकाबला।  



अभिषेक त्रिपाठी, जागरण कोलंबो। भारत और पाकिस्तान के मैच से पहले कोलंबो के सारे होटल हाउसफुल हो गए हैं। दुनियाभर से क्रिकेट के शौकीन भारतीय श्रीलंका पहुंच गए हैं। दुकान, क्लब, कैसीनो, बीच हर जगह वही नजर आ रहे हैं। पाकिस्तानी टीम कई हफ्तों से यहीं है और अपने ग्रुप मैच यहां खेल रही है। उनके यहां से भी कुछ दर्शक यहां आए हैं। भारतीय टीम शुक्रवार को यहां पहुंची।

हालांकि इस मैच से पहले सबकी निगाहें मैदान से ज्यादा आसमान पर हैं, क्योंकि शनिवार की दोपहर दो बजे से बादलों ने पूरे कोलंबो को अपनी गिरफ्त में ले लिया। रविवार को भी दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक वर्षा की संभावना जताई गई है। अब देखना होगा कि सियासत, बयानबाजी, गतिरोध और यूटर्न के बाद हो रहे इस मैच में इतिहास का कौन सा पन्ना लिखा जाएगा?
विवादों के बाद

भारत ने पिछले साल एशिया कप का फाइनल जीतने के बाद एशियाई क्रिकेट परिषद और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इन्कार कर दिया। इसके बाद वह ट्रॉफी लेकर भाग गए। बांग्लादेश के साथ हालात को देखते हुए इस साल बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने मुस्ताफिजुर रहमान का आईपीएल करार रद कर दिया।

भारत से नाराज मोहसिन ने बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाने का नाटक करते हुए इस मैच में अपनी टीम को नहीं उतारने की चाल चली। उनकी सरकार और प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने इसकी घोषणा की लेकिन आखिर में जय शाह वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के सामने उन्हें घुटने टेकने पड़े। पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान की स्थिति थूक कर चाटने वाले देश की हो गई है।
स्पिनरों की लड़ाई

अब बात क्रिकेट की करते हैं। दोनों टीमों के कप्तान मौसम और पिच के बीच फंसे नजर आ रहे हैं। आसमान में छाए बादल तेज गेंदबाजों को मदद करते हैं जबकि यहां की पिच स्पिनरों के मुफीद है। भारत के मध्यक्रम के सामने भी पाकिस्तान के स्पिनरों की चुनौती होगी, क्योंकि नामीबिया के विरुद्ध भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी नजर आई थी। पाकिस्तान को यहां के हालात और पिच की बेहतर जानकारी है।

पिच धीमे गेंदबाजों की मददगार है और पाकिस्तान के पास उस्मान तारिक, सईम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान और मोहम्मद नवाज जैसे स्पिनर हैं। तारिक का गेंदबाजी एक्शन पहले ही चर्चा का विषय बन चुका है। अगर वह खेलते हैं तो उनके और भारतीय बल्लेबाजों से उनकी टक्कर रोचक रहेगी। हालांकि, एक स्थिति यह भी है कि आसमान में बादलों को देखते हुए तेज गेंदबाज नसीम शाह को भी मौका मिल सकता है जिसके कारण एक स्पिनर को बाहर बैठना पड़ेगा।
अभिषेक के आने से टीम मजबूत

पेट में संक्रमण के कारण दिल्ली में दो दिन अस्पताल में रहने वाले ओपनर अभिषेक शर्मा फिट हो गए हैं। वह नामीबिया के विरुद्ध नहीं खेल पाए थे लेकिन कप्तान सूर्य कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि वह पाकिस्तान के विरुद्ध खेलने को तैयार हैं। अभिषेक ने शनिवार को बल्लेबाजी का अभ्यास भी किया। ऐसे में संजू को बाहर बैठना पड़ेगा।

पिच और पाकिस्तान के विरुद्ध इतिहास को देखते हुए बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को यहां मौका देना चाहिए। पाकिस्तानी बल्लेबाजों को भारतीय स्पिनरों खासकर कुलदीप को खेलने में दिक्कत होती है। ऐसे में रिंकू को बाहर रहना पड़ सकता है।
कुलदीप को खिलाने के पीछे एक तर्क यह भी है कि पाकिस्तान के पास कोई बड़े हिटर बल्लेबाज नहीं हैं और बाबर आजम के विरुद्ध भी उनका रिकार्ड शानदार है। एशिया कप फाइनल में भी कानपुर के इस गेंदबाज ने पाकिस्तान के चार विकेट चटकाए थे। पाकिस्तान की बल्लेबाजी साहिबजादा फरहान पर निर्भर होगी जबकि अयूब और हरफनमौला फहीम अशरफ उनका साथ देंगे।
भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान टीम

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान व उस्मान तारिक।
पिच और मौसम

वर्षा की प्रबल संभावना है। पिच पर घास नहीं है। स्पोर्टिंग विकेट तैयार करने की कोशिश की गई है। पिच सफेद नजर आ रही है। यह वही पिच है जिस पर ऑस्ट्रेलिया और जिंबाब्वे का मैच हुआ था। इसमें जिंबाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया और जिंबाब्वे के तेज गेंदबाजों ने सात विकेट लिए थे। हालांकि, वह दिन का मैच था और यह रात का मैच है।
तारिक से निपटने के लिए अलग तरह का अभ्यास

पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक साइड आर्म गेंदबाजी करते हैं और गेंद फेंकने के दौरान रुक भी जाते हैं। यही कारण है कि उनकी गेंदबाजी की वैधता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। उनसे निपटने के लिए भारतीय टीम ने विशेष तरह का अभ्यास किया।

भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव सहित कुछ नेट गेंदबाज शनिवार को अभ्यास सत्र के दौरान तारिक की तरह अभिषेक व इशान को गेंदबाजी करते नजर आए। इस दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर नेट के पीछे खड़े होकर अपने बल्लेबाजों को देख रहे थे।
विश्व कप में भारत बनाम पाक

  • 1992, वनडे, सिडनी, भारत 43 रनों से जीता
  • 1996, वनडे, बेंगलुरु, भारत 39 रनों से जीता
  • 1999, वनडे, मैनचेस्टर, भारत 47 रनों से जीता
  • 2003, वनडे, सेंचुरियन, भारत छह विकेट से जीता
  • 2007, टी-20, डरबन, बालआउट में भारत जीता
  • 2007, टी-20, जोहानिसबर्ग, भारत पांच रन से जीता
  • 2011, वनडे, मोहाली, भारत 27 रन से जीता
  • 2012, टी-20, कोलंबो, भारत आठ विकेट से जीता
  • 2014, टी-20, ढाका, भारत सात विकेट से जीता
  • 2015 वनडे, एडिलेड, भारत 76 रनों से जीता
  • 2016, टी-20, कोलकाता, भारत छह विकेट से जीता
  • 2019, वनडे, मैनचेस्टर, भारत 89 रनों से जीता
  • 2021, टी-20, दुबई, पाकिस्तान 10 विकेट से जीता
  • 2022, टी-20, मेलबर्न, भारत चार विकेट से जीता
  • 2023, वनडे, अहमदाबाद, भारत सात विकेट से जीता
  • 2024, टी-20, न्यूयार्क, भारत छह रन से जीता


यह भी पढ़ें- India vs Pakistan: पाकिस्‍तानी गेंदबाजों की कुटाई के लिए तैयार अभिषेक शर्मा? प्रैक्टिस में ही दे दी कड़ी चेतावनी

यह भी पढ़ें- India vs Pakistan: अभिषेक शर्मा की प्‍लेइंग 11 में वापसी, पाकिस्तान टीम से हाथ मिलाने पर भी बोले कप्‍तान सूर्यकुमार यादव
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
157831