search

हर-हर महादेव के जयघोषों से गूंजा दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर, रातभर चलता रहा जलाभिषेक

Chikheang 5 hour(s) ago views 280
  

महाशिवरात्रि पर दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर का भक्तिमय माहौल।



जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। महाशिवरात्रि के अवसर पर सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रात्रि 12 बजे मंदिर के पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरि महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक किया। अभिषेक और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए।

कतारों में खड़े कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया। जलाभिषेक के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर चार कतारों की व्यवस्था की।

करीब 250 से अधिक स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने में जुटे रहे। मंदिर के पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। निशीथ काल में किया गया पूजन अत्यंत फलदायी होती है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर निगरानी रखी गई। जिला प्रशासन, नगर निगम और विद्युत निगम ने भी स्वच्छता, गंगाजल व प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कीं, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
झांकियों के साथ निकली शिव बारात

महाशिवरात्रि से पूर्व शनिवार रात को शिव बारात निकाली गई। जस्सीपुरा मोड़ से शुरू हुई बारात में भूत-प्रेत और देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। मंदिर परिसर में भगवान शिव और माता पार्वती का विधि-विधान से विवाह संपन्न हुआ। भजन संध्या में श्रद्धालु शिव भजनों पर झूमते नजर आए।
501 किलो फलों एवं फूलों से हुआ श्रृंगार

शिवरात्रि से पहले शनिवार को भगवान श्री दूधेश्वरनाथ का विशेष श्रंगार किया गया। श्री दूधेश्वर श्रंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल एवं उनकी टीम द्वारा शाम को भगवान महाकाल स्वरूप में 56 भोग और लगभग 501 किलो फलों एवं फूलों से अद्भुत श्रंगार किया गया। सेवा में मुकेश, प्रतीक, राजेश, यश, नकुल, दक्ष, कुशंक समेत अन्य का सहयोग रहा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-गाजियाबाद की हवा फिर हुई \“खराब\“, IMD ने बताया- कैसा रहेगा आज का मौसम
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162002