267 शिवालयों में जलाभिषेक की तैयारी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर जिले में 267 शिवालयों में जलाभिषेक की विशेष तैयारी की गई है। 61 प्रमुख स्थानों पर मेले का आयोजन होगा। भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शनिवार को एसपी सिटी ने शहर के मानसरोवर मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, सीसी कैमरे की निगरानी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अलावा गोरखनाथ मंदिर, मानसरोवर मंदिर, पीपीगंज के भरोहिया मंदिर, बेलीपार के मुंजेश्वरनाथ मंदिर, एम्स स्थित महादेव झारखंडी, पिपराइच के मोटेश्वर महादेव और राजघाट के मुक्तेश्वरनाथ मंदिर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
यहां भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और पीएसी की तैनाती की गई है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
भरोहिया में जुटती है भीड़
महाशिवरात्रि पर पीपीगंज के भरोहिया शिवमंदिर में भारी जुटती है। यहा लगने वाले मेला में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। प्रशासन ने यहां विशेष बैरिकेडिंग, मेडिकल कैंप, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था कराई है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Maha Shivratri 2026: महाशिवरात्रि पर इस शुभ मुहूर्त में करें शिव जी की पूजा, काशी विश्वनाथ मंदिर के करें Live दर्शन |