सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में गणना प्रपत्र ठीक तरीके से न भरने की पोल अब खुल रही है। नौ विधानसभा क्षेत्रों में 20 हजार मतदाताओं की पहचान पुरानी फोटो से अटक गई है। मतदाताओं ने प्रपत्र में फोटो चस्पा नहीं की।
नोटिस जारी होने के बाद अब सुनवाई के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे मतदाताओं की सूची अलग बन रही है। मतदाता सूची की आपत्तियों की सुनवाई के लिए 209 अधिकारी लगाए गए हैं। अधिकारी हर दिन सुबह 10 से शाम पांच बजे तक सुनवाई करते हैं।
गणना प्रपत्र भरने के दौरान नहीं लगाया फोटो, नोटिस जारी होने के बाद भी नहीं आ रहे
निर्वाचन आयोग ने त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने के आदेश दिए हैं। 23 साल के बाद विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। आयोग आदेश हैं कि प्रत्येक मतदाता का फोटो मतदाता सूची में होना चाहिए। फोटो ऐसा हो कि पहचान में आ सके। इससे लोकसभा या फिर विधानसभा चुनाव में फर्जी मतदान पर अंकुश लग सकेगा।
फोटोयुक्त मतदाता सूची को आधार कार्ड से भी लिंक किया जा रहा है। गहन पुनरीक्षण अभियान में 33 लाख मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाए गए थे। मृतक, शिफ्टेड सहित अन्य मतदाताओं के नाम सूची से हट गए हैं।
अलग बन रही सूची, 209 अधिकारी हर दिन मतदाता सूची की आपत्तियों की कर रहे हैं सुनवाई
वर्तमान में 27.63 लाख मतदाता हैं। सबसे अधिक मतदाता एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र 3.82 लाख हैं। 20 हजार मतदाता ऐसे हैं। जिन्होंने गणना प्रपत्र में फोटो चस्पा नहीं की है। सूची में पुरानी फोटो लगी है। पिछले चार सप्ताह से ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किया जा चुका है। मगर, मतदाता सुनवाई के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि गणना प्रपत्र में फोटो भी लगनी थी। बड़ी संख्या में मतदाताओं ने फोटो नहीं लगाई है।
ये है आंकड़ा
- 27.63 लाख मतदाता जिले में हैं
- 15.25 लाख पुरुष मतदाता जिले में हैं
- 12.37 लाख मतदाता जिले में हैं
- 3.82 लाख मतदाता सबसे अधिक एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में हैं
सुनवाई में पहुंचना अनिवार्य, नहीं तो कट सकता है नाम
जिन मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई के लिए बुलाया जा रहा है। संबंधित दस्तावेजों के साथ उन्हें मौजूद रहना होगा। गैर हाजिर रहने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट सकते हैं।
फोटो मांगने पर बीएलओ को भी नहीं उपलब्ध कराया गया। नोटिस के बाद भी फोटो नहीं दे रहे हैं। ऐसे मतदाताओं की सूची अलग तैयार हो रही है। उन्होंने बताया कि छह मार्च तक सूची को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। 27 मार्च तक आपत्तियों की सुनवाई होगी। 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। -
उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान। |