हापुड़ में जन्मदिन पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर किया जानलेवा हमला। सांकेतिक तस्वीर
केशव त्यागी, हापुड़। जन्मदिन पार्टी के बहाने एक युवक को कोतवाली क्षेत्र में दस्तोई मार्ग पर बुलाकर कुछ आरोपितों ने उस पर लाठी-डंडों और राड से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले में घायल युवक की मां की तहरीर पर पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गांव असौड़ा की रेनू ने बताया कि 26 जनवरी 2026 की रात करीब साढ़े आठ बजे बजे उसके पुत्र मनीष कुमार को उसका दोस्त आयुष ने फोन कर जन्मदिन पार्टी में जाने के बहाने बुलाकर ले गया था।
मनीष जब आयुष के पास पहुंचा तो वहां पहले से तीन-चार बाइक पर कुछ अन्य युवक भी मौजूद हो गए। मनीष ने पहले उनके साथ जाने से मना किया, लेकिन आयुष के कहने पर वह उनके साथ चला गया।
साथियों के साथ मिलकर मनीष को पीटा
आरोपित मनीष को दादरी अंडरपास से दस्तोई रोड स्थित टी-प्वाइंट के पास ले गए। वहां पहले से मौजूद युवकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला भी लिया। कुछ ही देर में पांच बाइकों पर सवार 10-12 युवक और पहुंच गए।
आरोपितों में अज्ञात निवासी सतेंद्र, भूषण डीजे वाले के दो भांजे, सनी, जतिन सहित अन्य अज्ञात युवक भी शामिल थे।
सभी ने मिलकर मनीष को घेरकर लाठी-डंडों व राड से बेरहमी से पीटा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल मनीष किसी तरह घर पहुंचा और स्वजन को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में खूनी रोड रेज: साइड मांगने पर युवक पर ईंट से हमला, दो नामजद आरोपी फरार |
|