रुपईडीहा के रामनगर में ग्रामीणों से जानकारी लेते रेंजर अतुल श्रीवास्तव। जागरण
जागरण संवाददाता, बहराइच। जिले के रुपईडीहा रेंज स्थित रामनगर गांव में गुरुवार देर रात एक जंगली जानवर ने मां के पास सो रहे सात वर्षीय बालक पर हमला कर दिया। पांच मिनट तक संघर्ष कर मां ने बेटे की जान बचाई। हमले में बालक गंभीर रुप से घायल हो गया। हालत चिंताजनक देख चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया है।
बहराइच वन प्रभाग के रूपईडीहा रेंज स्थित रामनगर गांव निवासी जब अजय मिश्रा का सात वर्षीय पुत्र श्याम अपनी मां पूजा के साथ रात को बरामदे में सो रहा था। देर रात एक जंगली जानवर घर में घुस आया और श्याम के सिर पर हमला कर उसे खींचने लगा। बच्चे की चीख सुनकर पूजा की नींद खुल गई।
पलक झपकते उसने बेटे को खींचने वाले जानवर से संषर्घ करते हुए शोर मचाना शुरू किया। चीख पुकार सुनकर अन्य परिवारजन भी जाग गए। शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। इस दौरान जानवर बच्चे को छोड़कर भाग गया। हमले में श्याम के सिर में गहरे घाव हो गये।
स्वजन घायल बालक को उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पूजा ने बताया कि अंधेरा होने के कारण वह हमलावर जानवर को पहचान नहीं पाईं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जंगली जानवर के हमले की सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
रेंजर अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि गांव के आसपास की जमीन सख्त होने के चलते किसी जानवर के पग चिह्न नहीं मिल पाए हैं। वनकर्मियों की टीम मौके पर मौजूद है। |
|