चक्रधरपुर मंडल के 1100 कर्मचारियों को मिलेगा वर्दी भत्ता
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल के लगभग 1100 रेलकर्मियों को जल्द ही वर्दी भत्ता मिलेगा। रेलवे बोर्ड से जारी आदेश के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को मंडल के सीनियर डीपीओ डा. ऋषभ सिन्हा से मुलाकात की है।
रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को ही एक आदेश जारी किया है जिसमें निर्धारित दरों के आधार पर वार्षिक वर्दी भत्ता देने की बात कही गई है। इसके तहत सभी कारीगरों (ब्लैक स्मिथ, बढ़ई, वेल्डर, राज मिस्त्री, स्माल ट्रैक मशीन आपरेटर, सहायक पी-वे, चौकीदार, हाउस कीपिंग सहायक, सफाई वाला) सहित अन्य कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
मेंस कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सीनियर डीपीओ से मुलाकात कर चक्रधरपुर मंडल में कार्यरत रेलकर्मियों को फिर से वर्दी भत्ता दिए जाने की मांग की। इस पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में वे जल्द ही एक पत्र सेंट्रल फार रेलवे इंर्फोमेशन सिस्टम (क्रिस) महाप्रबंधक को पत्र भेजा जाएगा ताकि जुलाई माह के वेतन में कर्मचारियों को भत्ते का लाभ मिल सके।
भत्ता मिलने पर मंडल के लगभग 1100 कर्मचारियों को प्रतिवर्ष 5000 रुपये का वर्दी भत्ता का लाभ मिलेगा। जबकि स्टेशन मास्टर व पब्लिक रिलेशन के पद पर कार्यरत रेलकर्मियों को 10 हजार रुपये का वर्दी भत्ता मिलता है।
वर्ष 2018-19 से नहीं मिल रहा है वर्दी भत्ता : शशि
मेंस कांग्रेस के जोनल संयोजक शशि मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2018-19 से रेल कर्मचारियों को वर्दी भत्ता नहीं मिल रहा है। इस पर हमने कई जोन के मेंस कांग्रेस के अपने साथियों से बात की। कुछ जोन में वर्दी भत्ता मिल रहा था जबकि कुछ नहीं। रेलवे बोर्ड से आदेश जारी होने के बाद हमने इस दिशा में तत्काल पहल की है। |