LHC0088 • Yesterday 22:29 • views 1058
मशीन गिरने से मजदूर की मौत। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, घरौंडा। बरसत गांव स्थित कंबल फैक्टरी में मशीन के नीचे दबने से 32 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। सुरेंद्र फैक्टरी में लकड़ी से भरी गाड़ियों को खाली कराने का काम करता था। घटना के समय वह एक गाड़ी को पीछे करवाने में मदद कर रहा था।
उसी दौरान पास में ऊंची-नीची जमीन पर रखी एक भारी मशीन, गाड़ी के गुजरने से पैदा हुए कंपन और दबाव के कारण असंतुलित होकर उसके ऊपर आ गिरी। कई मजदूरों ने मिलकर किसी तरह मशीन को उठाया और सुरेंद्र को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कालेज भेज दिया गया। सुरेंद्र तीन बेटियों का पिता था, जिनमें सबसे बड़ी बेटी की उम्र करीब नौ साल बताई जा रही है। परिवार में उसकी पत्नी, मां और एक छोटा शादीशुदा भाई भी है।
घर की पूरी जिम्मेदारी सुरेंद्र के कंधों पर थी और वह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। स्वजन का आरोप है कि हादसा फैक्टरी प्रबंधन की गंभीर लापरवाही के कारण हुआ। उनका कहना है कि मशीन को दीवार के पास असुरक्षित ढंग से रखा गया था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई।
सरपंच नवीन राणा ने बताया कि परिवार की आर्थिक हालत बेहद दयनीय है। सुरेंद्र के घर की छत तक पूरी नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान का निर्माण चल रहा है, लेकिन अब तक केवल एक किस्त ही मिली है।
पुलिस के जांच अधिकारी एएसआइ प्रवीन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण मशीन के नीचे दबना सामने आया है। स्वजन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हीं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। |
|