LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 341
देहरादून में झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। राजधानी एक बार फिर जघन्य अपराध से दहल उठी। तिब्बती मार्केट के पास कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या के 48 घंटे के भीतर ही एक बार भी गोलियों के शोर ने माहौल को खौफजदा कर दिया। अब झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना को उस समय अंजाम दिया गया, जब वह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी माल में जिम से बाहर निकल रहा था। देहरादून में करीब दो सप्ताह के अंतराल में यह पांचवीं हत्या है।
अमन विहार रायपुर निवासी विक्रम शर्मा (45 वर्ष) शुक्रवार सुबह नौ बजे सिल्वर सिटी सिटी स्थित एनी टाइम, एनी क्लब जिम में गया था।
डेढ़ घंटा जिम में बिताने के बाद वह नीचे उतर रहा था। उसी दौरान घात लगाए बैठे दो हमलावरों ने ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचने से पहले ही सीढ़ियों पर चढ़कर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
दो गोली विक्रम शर्मा के सिर पर लगी और एक फायर मिस हो गया। इसके बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद सिल्वर सिटी माल में चीख पुकार मच गई।
विक्रम शर्मा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों मृत घोषित कर दिया। पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसएसपी अजय सिंह, एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर व फारेंसिक की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
हमलावरों की धरपकड़ के लिए चारों तरफ नाकेबंदी की गई है। आइजी ने बताया कि दो हमलावरों के बारे में कुछ जानकारी मिली है, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विक्रम शर्मा के विरुद्ध 50 से अधिक मुकदमे
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि विक्रम शर्मा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके विरुद्ध झारखंड व अन्य राज्यों में 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इनमें से 30 से अधिक हत्या के हैं। पुलिस हमलावरों की तलाश के साथ-साथ विक्रम शर्मा का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। झारखंड पुलिस से संपर्क किया गया है। पुलिस व एसटीएफ की एक टीम झारखंड भेजी जा रही है।
एक बदमाश बाइक पर था, दो माल के अंदर घुसे
पुलिस के अनुसार, तीन हमलावर बिना नंबर की पल्सर बाइक पर आए थे। इनमें से एक बदमाश मुख्य मार्ग पर बाइक स्टार्ट कर पर बैठा था, जबकि दो माल के अंदर घुसे।
हत्या के बाद दोनों तुरंत बाइक पर बैठे और जाखन की तरफ भागे। पुलिस बाइक की लोकेशन भी खंगाल रही है।
हमेशा पिस्टल साथ रखता था विक्रम शर्मा
झारखंड के गैंग के संपर्क में रहने पर विक्रम शर्मा को अपनी जान का खतरा भी था, जिसके चलते वह हमेशा पिस्टल साथ लेकर चलता था।
यहां तक कि जिम जाने पर भी वह पिस्टल साथ रखता था। हमलावरों ने जब उस पर गोली चलाई तो वह पिस्टल नहीं निकाल पाया।
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर के कुख्यात गैंगस्टर की देहरादून में गोली मारकर हत्या, तीन हमलावरों ने एस्केलेटर पर ही भूना
यह भी पढ़ें- देहरादून में रिश्तों का खौफनाक अंत, 14 करोड़ की डील के लिए मां बनी बेटे की कातिल; 12 लाख में बुलाए शूटर |
|