मुजफ्फरपुर में बैंककर्मी बहू पर ससुराल वालों का कहर
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सदर थाना के राहुल नगर इलाके की एक महिला बैंक अधिकारी को दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर उसके नाम पर उसी के बैंक से लोन उठा लिया गया।
मामले में पीड़िता शुभांगी ने समस्तीपुर के ताजपुर निवासी पति साकेत कृष्णा, ससुर कृष्णा कुमार सिंह, सास रीता देवी व देवर सिद्धार्थ कृष्णा को नामजद कर महिला थाना में प्राथमिकी कराई है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आवेदन में कहा कि उसकी शादी 2017 में हुई। विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने उन पर स्थानीय लोगों से लिए गए 40 लाख रुपये का कर्ज चुकाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
अपनी जान को खतरा देखते हुए पीड़िता ने न केवल अपनी सैलरी से यह रकम चुकाई, बल्कि अपने मायके की जमीन बेचकर भी ससुराल वालों की आर्थिक मांगों को पूरा किया।
आरोप है कि इसके बावजूद प्रताड़ना का दौर थमा नहीं और पीड़िता के नाम पर लोन लेकर खरीदी गई कार को भी देवर ने जबरन छीन लिया, जिसकी ईएमआई अभी तक पीड़िता की सैलरी से कट रही है। जुल्म इतना बढ़ गया कि पीड़िता का पैर टूटने के बावजूद ससुराल वालों का दिल नहीं पसीजा।
आरोप है कि 20 जनवरी 2026 को जब वह अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटी तो पति, देवर और सास ने मिलकर फिर से 10 से 20 लाख रुपये की मांग की। घायल अवस्था में ही उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान आरोपितों ने उनका बच्चा छीनने और उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। |
|