जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। शुक्रवार की सुबह फोरलेन पर मदनपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार से चल रही कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही अज्ञात ट्रक से टकरा गई टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बेबी मसीह (45) पत्नी स्व. जगदीश मसीह और उनके पुत्र अर्पित कुमार (20) को चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
वहीं हादसे में संजू (27) पुत्री स्व. जगदीश मसीह को सामान्य चोटें आई हैं। सभी मृतक एवं घायल अमहर दक्षिण पट्टी माधवपुर, थाना रसड़ा, जनपद बलिया के निवासी बताए गए हैं। परिवार इन दिनों ननिहाल में रह रहा था, जबकि पैतृक आवास मुजफ्फरपुर में है।
कार में सवार अमृता (40) पत्नी निर्मल जैनब जैनिया, निवासी राजघाट थाना सारनाथ, वाराणसी, भी घायल हुई हैं। वह शाहजहांपुर से वाराणसी लौट रही थीं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। कोतवाल धीरज कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है विधिक कार्रवाई की जा रही है |