जागरण संवाददाता, महोबा। जल जीवन मिशन योजना के तहत चरखारी के 50 गांवों में कमियों को लेकर 30 जनवरी को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को घेरने वाले उनकी ही पार्टी के विधायक बृजभूषण राजपूत ने मंत्री समर्थक पूर्व प्रधानों को अपराधी बताकर फिर उन्हें घेरा है।
आरोप लगाया कि प्रधान कह रहे हैं कि विधायक ने उन पर मुकदमे दर्ज कराए हैं, ऐसा बिल्कुल भी सही नहीं है। प्रधानों के ऊपर सपा सरकार के समय मुकदमे दर्ज हुए थे।
बृजभूषण बोले- \“जब मैं विधायक भी नहीं था, तब अर्जुन (मंगलरौल पूर्व प्रधान) हों या राजू (गौरहारी पूर्व प्रधान) दोनों के ऊपर संगीन मुकदमे दर्ज थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी कहते हैं जीरो टॉलरेंस नीति व अपराध मुक्त उत्तर प्रदेश, लेकिन जलशक्ति मंत्री एक रेपिस्ट के यहां जा रहे हो...।\“
विधायक ने दैनिक जागरण से बात करते हुए कहा, गौरहारी पूर्व प्रधान अब विकास की बात कर रहे हैं, पूछ रहे कि विधायक ने नौ साल में क्या किया। उनके ही गांव को हमने प्रदेश का सबसे टॉप मॉडल गांव बनाया है। उस गांव को गोद लिया, उसे प्रथम पुरस्कार मिला। अपनी और बुंदेलखंड निधि से पैसा पहुंचाया है वहां पर।
वही भ्रष्ट पूर्व प्रधान व अपराधी अब सवाल खड़ा कर रहा, मेरे खिलाफ षड्यंत्र चल रहा है। मैंने अधिकारियों की पोल खोल दी है। कौन-कौन से लोग मुझसे जलते हैं, उनको मेरे खिलाफ खड़ा किया जा रहा है। अर्जुन तो दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है, अभी छूटकर आया है।
राजू ने प्रधान पद पर रहते हुए जो घोटाले किए, उनमें सचिव तक निलंबित हुआ। ये लोग सपा के एजेंट रहे हैं। मेरे खिलाफ बोलने वाले ये लोग कुछ भी कर सकते हैं। यह जांच का विषय है।
आज गुंडों को ताकत कौन दे रहा है, आखिर ऐसे गुंडों के यहां मंत्री जी गए क्यों। बता दें, मंत्री स्वतंत्र देव उस दिन मंगरौल पूर्व प्रधान अर्जुन द्वारा आयोजित दंगल में गए थे, जिस दिन उनका रास्ता विधायक ने रोका था।
यह भी पढ़ें- ‘अपराध मंत्री से भी हुआ…’ MLA बृजभूषण के पिता बोले- सपा में जाने की चर्चा गलत, खंगाली जाए कॉल डिटेल |