तीन अभियुक्त गिरफ्तार
जागरण संवदादाता, पटना। पटना में दिनदहाड़े हुए एक सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। फुलवारी शरीीफ के जानीपुर इलाके से अगवा किए गए डॉक्टर को समस्तीपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। अपराधियों ने 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इस ऑपरेशन को पटना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
घर लौटते वक्त रास्ते से किया गया अपहरण
10 फरवरी 2026 को डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी आर्यभट्ट इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पारा मेडिकल कॉलेज, रामपुर से अपने राजीवनगर स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया। कुछ ही देर बाद परिजनों के पास 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग पहुंची। धमकी भरे कॉल से परिवार दहशत में आ गया और तत्काल जानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
विशेष टीम का गठन, तकनीकी जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में विशेष छापेमारी दल बनाया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारीशरीफ-02 और जानीपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।
समस्तीपुर से सुरक्षित बरामदगी
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र पहुंची। मकसूदपुर गांव में छापेमारी कर डॉक्टर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूरी कार्रवाई 24 घंटे के भीतर अंजाम दी गई। अपहरणकर्ताओं ने डॉक्टर को एक ठिकाने पर छिपाकर रखा था।
तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान रविंद्र प्रसाद, राकेश कुमार और मनीष कुमार को गिरफ्तार किया गया। तीनों समस्तीपुर के वारिसनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पैसों के विवाद से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नौकरी दिलाने और परीक्षा पास कराने के नाम पर हुए पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में ‘मनोज’ नामक व्यक्ति ने कथित रूप से सुपारी देकर अपहरण की साजिश रची। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस की अपील और आगे की कार्रवाई
सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तकनीकी और समन्वित कार्रवाई से यह सफलता मिली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पटना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। |
|