इंदिरापुरम के न्याय खंड- एक में सड़क पर भरा सीवर का पानी। जागरण
जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। इंदिरापुरम के न्यायखंड एक, दो व अभय खंड में सीवर व नाला ओवरफ्लो होने से करीब छह माह से जलभराव हो रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों के साथ ही यहां के न्याय खंड एक में जीडीए का मल्टी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स है।
इसके बाहर भी जलभराव हो गया है। इससे खिलाड़ियों को जोनल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों के आवागमन के लिए लकड़ी के फट्टे से अस्थायी जुगाड़ कर दिया गया है।
आवागमन के दौरान कई बार खिलाड़ी गिर जाते हैं। जलभराव के कारण सड़कें भी बदहाल हो रही हैं। सड़क पर हुए गहरे गड्ढे के कारण आए दिन लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- 7 साल से मजार में रहता था तांत्रिक कमरूद्दीन, दिल्ली में तीन हत्याओं को दिया अंजाम; परिवार में कौन-कौन?
500 खिलाड़ी रोजाना जूझ रहे
जीडीए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों ने बताया कि करीब छह माह से जीडीए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के प्रवेश द्वार के सामने जलभराव है। आवागमन के लिए लकड़ी के फट्टे का जुगाड़ कर दिया गया है।
रोजाना करीब 500 खिलाड़ी अभ्यास करने पहुंचते हैं। उन्हे लकड़ी के फट्टे से होकर गुजरना पड़ता है। इससे खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
20 हजार लोग परेशान, नहीं हो रहा समाधान
सुपरटेक आइकन सोसायटी के एओए अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने बताया कि करीब छह माह से सीवर व नाला व सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। अभी सीवर लाइन डालने व नाला का निर्माण कार्य चल रहा है।
हालांकि निर्माण कार्य बहुत ही धीमी गति से किया जा रहा है। इस कारण लोगों की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जलभराव से इंदिरापुरम की सुपरटेक आइकन, गौर ग्रीन विस्टा, वीथ्रीएस इंद्रलोक, पत्रकार विहार व जीडीए फ्लैट्स के करीब 20 हजार लोग परेशान हो रहे हैं।
जल निकासी की व्यवस्था नहीं की जा रही है। जलभराव के कारण सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। आए दिन वाहन चालक और लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।
करीब छह माह से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों ने बताया कि जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से लगातार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 7 साल से मजार में रहता था तांत्रिक कमरूद्दीन, दिल्ली में तीन हत्याओं को दिया अंजाम; परिवार में कौन-कौन?
क्या बोले खिलाड़ी
जीडीए मल्टी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में क्रिकेट के प्रशिक्षण के लिए जाना होता है। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के गेट के बाहर जलभराव से आवागमन के दौरान परेशानी होती है। कई बार खिलाड़ी गिर जाते हैं।
- सचिन, खिलाड़ी
जीडीए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में क्रिकेट का प्रशिक्षण लेता हूं। कांप्लेक्स के बाहर काफी समय से जलभराव के कारण आवागमन के दौरान गिरने का डर लगता है।
- अनूप चाैहान, खिलाड़ी
करीब छह माह से ज्यादा से सीवर व नाला ओवरफ्लो होने से जलभराव हो रहा है। इससे करीब 20 हजार लोग परेशान हो रहे हैं। नगर निगम द्वारा जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई जा रही है। -
मनोज ठाकुर, एओए अध्यक्ष
नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। जल्द ही कार्य पूरा होने पर जलभराव से निजात मिलेगी। जल निकासी भी कराई जा रही है। -
मिथिलेश कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम। |