मृतक अभिषेक सिंह। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अवैध संबंधों के शक में अभिषेक सिंह की हत्या हुई थी। घटना में शामिल दो आरोपितों को गीडा थाना पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपित निखिल कुमार गौड़ उर्फ गोलू उर्फ रितिक फरार है। उसकी आखिरी लोकेशन नेपाल बार्डर के पास मिली है। पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं।
एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने गुरुवार दोपहर पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सात फरवरी को पेवनपुर गांव के सीवान में नौसढ़ निवासी विजय सिंह के 18 वर्षीय बेटे अभिषेक का शव मिला। चाकू घोंपकर उसकी हत्या की गई थी।
सर्विलांस व सीसी कैमरा फुटेज की मदद से शुरू हुई जांच में पता चला कि अभिषेक की हत्या अवैध संबंधों के शक में हुई है। निखिल गौड़ नौसढ़ चौराहे पर फास्टफूड का ठेला लगाता है और पकड़े गए दोनों भाई उसी के यहां काम करते थे। दुकान बंद होने के बाद अक्सर चारों साथ बैठकर शराब पार्टी करते थे।
इसी दौरान निखिल को अपनी पत्नी और अभिषेक के बीच नजदीकियों का शक हुआ। फोन पर बातचीत और घर आना-जाना उसे खटकने लगा। घटना वाली रात निखिल ने अभिषेक को शराब पार्टी और अय्याशी का झांसा देकर बुलाया। पहले ठेले पर जमकर नशा किया गया, फिर बाइक से पेवनपुर गांव के पास सुनसान खेत की ओर ले जाया गया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत, सड़क से चिपका मिला शव
वहीं पत्नी के कथित संबंधों को लेकर विवाद हुआ और नशे की हालत में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपित अभिषेक का मोबाइल और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। हत्या के बाद निखिल ने घटना में प्रयुक्त बाइक मृतक के बड़े भाई करन के पास 30 हजार रुपये में गिरवी रख दी।
उसमें से 20 हजार रुपये अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर किए और शेष 10 हजार रुपये लेकर बाहर घूमने की बात कहकर निकल गया। पुलिस ने गिरवी रखी बाइक बरामद कर ली है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को पुलिस ने दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। जल्द ही मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। |
|