प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, बिजनौर। शहर कोतवाली में मंगलवार को किन्नरों के आपस में भिड़ने के मामले में एसपी ने लापरवाही बरतने और कार्रवाई करने के मामले में बुधवार को शहर कोतवाल को निलंबित कर दिया था। इस मामले में एक पक्ष ने मारपीट करते हुए हंगामा किया था। जिसके बाद पुलिस ने 12 किन्नर और दो युवकों का चालान कर दिया था।
हल्दौर थाना क्षेत्र के झालू निवासी किन्नर मुस्कान, रेशमा का रानी पक्ष से दो साल से क्षेत्र के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। कई बार आपस में टकराव हो चुका है। पिछले दिनों हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र में भी दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई थी। तब एक पक्ष पर गाड़ी में तोड़फोड़ करने और फायरिंग करने का आरोप लगा था।
हीमपुर थाने में जमकर हंगामा हुआ था। मंगलवार को यह विवाद शहर कोतवाली पहुंच गया। रानी पक्ष ने शहर कोतवाली में रेशमा उर्फ शाहिद की शिकायत की। रेशमा पक्ष को दोपहर में शहर कोतवाली में मौजूद था। इसी बीच चार गाड़ियों से किन्नर मुस्कान व शाहिद पक्ष वहां पहुंच गया था। शाहिद व रानी पक्ष थाने में भिड़ गए।
आरोप है कि शाहिद पक्ष ने रानी पक्ष के साथ मारपीट की। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। पुलिस के किसी तरह बीच-बचाव किया। इस दौरान शाहिद पक्ष ने की पुलिस से भी नोकझोंक हुई थी। देर शाम पुलिस ने किन्नर रानी की तहरीर पर मुस्कान, रेशमा समेत 12 किन्नर और दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सभी 14 का शांतिभंग में चालान कर दिया था।
एसडीएम कोर्ट ने उनका शांतिभंग में चालान कर दिया था। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया था। बुधवार को सभी को जमानत मिल गई। इस प्रकरण में बुधवार को नया मोड़ आया। किन्नरों के खिलाफ कार्रवाई करने, शहर कोतवाली में मारपीट होने के मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी अभिषेक झा ने शहर कोतवाल धर्मेंद सोलंकी को निलंबित कर दिया है।
रामप्रताप सिंह बने नए कोतवाल
अफजलगढ़ थाना प्रभारी रामप्रताप नए कोतवाल बने हैं। रेहड़ थाना प्रभारी बिजेंद्र राठी को अफजलगढ़ थाना प्रभारी बनाया है। प्रभारी विशेष जांच प्रकोष्ठ निरीक्षक राजीव कुमार वर्मा को प्रभारी निरीक्षक रेहड़ बनाया गया है। |
|