LHC0088 • Yesterday 18:26 • views 527
संवाद सूत्र, निगोहां। नगराम के गुलालखेड़ा गांव निवासी 22 वर्षीय ओम प्रकाश की बहन की शादी से दो सप्ताह पहले सिर कूचकर हत्या कर दी गई। आरोपितों ने उनका शव गांव के बाहर नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। शुक्रवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने शव देखा तो सूचना परिवार और पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की है। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। मृतक की मां की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर नगराम पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
गुलालखेड़ा निवासी मजदूर ओम प्रकाश गुरुवार शाम करीब 8 बजे घर से निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिवार ने खोजबीन शुरू की। काफी तलाशने पर भी उनका कुछ पता नहीं चला। घर के लोगों ने सोचा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां गए होंगे।
रिश्तेदारी में पूछा लेकिन वहां से कुछ पता नहीं चला और दोस्तों ने भी जानकारी से इंकार कर दिया। सुबह कुछ लोग गांव के बाहर टहलने निकले तो ओमप्रकाश का शव इंदिरा नहर किनारे झाड़ियों के बीच खून से लथपथ हालत में मिला। सिर और चेहरे पर किसी भारी चीज से वार के निशान थे। पास में ईंट का एक चूल्हा बना हुआ था।
चूल्हे में राख और पास में शराब की पाउच पड़ी थी। लोगों ने पार्टी करने के बाद विवाद में हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर अपर पुलिस आयुक्त दक्षिणी आर वसंत कुमार, मोहनलालगंज के सहायक पुलिस आयुक्त विकास पांडेय और नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गुरुवार की शाम ओम प्रकाश ने कुछ लोगों के साथ शराब पी थी। गांव में एक अंडा रोल की दुकान पर रोल खाया था।
इस दौरान आपस में कुछ लोगों से विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों ने फटकार लगाते हुए विवाद शांत करा दिया और सभी लोग वहां से चले गए। आशंका है कि रात में आरोपितों ने युवक को फिर बुलाया और नहर के किनारे ले जाकर पहले चूल्हे में कुछ बनाकर खाया इसके बाद हत्या कर दी। थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि ओम प्रकाश की मां गीता की तहरीर पर गांव के मन्नू, मोनू, आशीष गौतम, पवन और अरविंद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
और आंसुओं में डूब गया खुशियों भरा परिवार
आगामी छह फरवरी को ओम प्रकाश की इकलौती बहन कोमल की शादी तय है। तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं। घर के सभी लोग हर्षोल्लास से शादी की खरीदारी में लगे थे। गुरुवार रात हुई भाई की हत्या से पूरा परिवार सदमे में हैं। मां गीता, भाई फूलचंद्र और धर्मराज खुद को संभाल नहीं पा रहे हैं। उनके पिता राम हरख की डेढ़ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। |
|