search

कोहरे का सितम! प्रयागराज में वंदे भारत समेत कई ट्रेनें घंटों लेट, उड़ानों पर भी दिखा असर; यात्री बेहाल

LHC0088 2026-1-7 09:56:40 views 881
  

प्रतीकात्मक तस्वीर



जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मंगलवार की सुबह घने कोहरे ने लगातार 24वें दिन यातायात व्यवस्था की कमर तोड़कर रख दी। रेल पटरी से लेकर आसमान तक परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई। प्रयागराज एयरपोर्ट पर इंडिगो की भुवनेश्वर, बेंगलुरु और मुंबई की फ्लाइट्स अपने तय समय से काफी पीछे रहीं।

भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों को तो करीब दो घंटे तक टर्मिनल पर इंतजार करना पड़ा। प्रयागराज एयरपोर्ट पर इंडिगो की भुवनेश्वर उड़ान सुबह 11 बजे की जगह 12:40 बजे आई, इसी कारण यह सुबह 11:35 बजे की जगह दोपहर 1:19 बजे उड़ान भर सकी।

मुंबई उड़ान 1:22 बजे आई और 1:30 बजे की जगह 2:11 बजे उड़ान भर सकी। वहीं, इंडिगो की बेंगलुरु उड़ान दोपहर 12:20 बजे की जगह 12:32 बजे पहुंची, लेकिन 12:55 बजे की जगह यह विलंबित होकर 1:29 बजे उड़ान भर सकी। हैदराबाद की उड़ान दोपहर 1:15 बजे की जगह 1:36 बजे उड़ान भर सकी।

धुंध का असर इतना गहरा था कि जो ट्रेनें सुबह की पहली किरण के साथ प्लेटफॉर्म पर खड़ी होनी चाहिए थीं, वे दोपहर बाद प्रयागराज आईं। वीआईपी ट्रेन मानी जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पांच घंटे की देरी से सूबेदारगंज पहुंची।

यह भी पढ़ें- यूपी में फ‍िर बदलेगा मौसम, लखनऊ समेत 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

वंदे भारत भी रही लेट

हमसफर एक्सप्रेस ने तो धैर्य की परीक्षा ही ले ली और यह ट्रेन 6 घंटे 29 मिनट की देरी से प्रयागराज जंक्शन पहुंची। रफ्तार के लिए जानी जाने वाली वंदे भारत ट्रेनें भी कोहरे के आगे बेबस नजर आईं। नई दिल्ली से आने वाली वंदे भारत सवा दो घंटे और आगरा वंदे भारत करीब एक घंटे की देरी से आई।

कामायनी एक्सप्रेस और जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों का भी बुरा हाल रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेल प्रशासन को त्रिवेणी और अवध विहार एक्सप्रेस समेत गोरखपुर स्पेशल जैसी ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

कुल मिलाकर, मंगलवार का दिन यात्रियों के लिए बेहद थकाऊ और मानसिक परेशानी वाला साबित हुआ, जहां कोहरे ने हर टाइम-टेबल को धता बता दिया।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164436