विनोद नगर वार्ड में राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय में बनाए गए केंद्र पर मतदान के लिए लाइन में लगे लोग। पारस कुमार
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। Delhi MCD ByElection 2025 दिल्ली नगर निगम के विनोद नगर वार्ड की सीट पर रविवार को उपचुनाव हुआ। रविवार को छुट्टी का दिन होने की वजह से उम्मीद थी कि जमकर मतदान होगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भले ही युवा, बुजुर्ग व महिलाओं ने मतदान करके दमखम दिखाया। लेकिन वर्ष 2022 में हुए निगम चुनाव के मतदान प्रतिशत का आंकड़ा इस उपचुनाव में पिछड़ गया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इस उपचुनाव में इस सीट पर गत चुनाव के मुकाबले 13.68 प्रतिशत मतदान कम हुआ। इससे चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की नींद उड़ी हुई है। उनका मानना है जीत का अंतर बहुत ज्यादा नहीं रहेगा।
उपचुनाव में विनोद नगर में छह मतदान केंद्रों पर 46 पोलिंग बूथ बनाए गए। रविवार सुबह साढ़े सात बजे से लेकर शाम पांच बजे तक मतदान हुए। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रही। इस बार मतदाताओं को पोलिंग बूथ में फोन ले जाने से पुलिस ने नहीं रोका।
लोगों ने पिंक बूथ पर सेल्फी भी ली। बुजुर्गों के लिए चेयर की सुविधा रही। स्थानीय मुद्दे से लेकर दिल्ली भर के मुद्दे छाए रहे। बहुत से लोगों ने साफ-सफाई व अतिक्रमण को अपना मुद्दा बनाया। कुछ लोगों ने निगम स्कूलों व पार्कों की बदहाली को प्राथमिकता देते हुए वोट दिए। ऐसे भी मतदाता मिले जिनके लिए मुद्दो से बढ़कर राजनीतिक पार्टियां व प्रत्याशियों के चेहरे रहे।
सीट वर्ष मतदान प्रतिशत
विनोद नगर 2022 50.15
विनोद नगर 2025 36.47
नोट : यह आंकड़े चुनाव आयोग द्वारा जारी डाटा से लिया गया है।
सड़कें हो या गलियां आम लोगों के लिए चलने के लिए जगह नहीं है। निगम के अधिकारी अतिक्रमण करवाते हैं, कोई कार्रवाई नहीं होती है। ऐसे जनप्रतिनिधि को वोट किया है, जिससे उम्मीद है वह क्षेत्र की समस्याओं को दूर करेगा। - सरस्वती, मतदाता
सड़कों से लेकर गलियों में भी कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। सफाई वाले जल्दी से कूड़ा उठाने के लिए नहीं आते हैं। सफाई व्यवस्था बेहतर होने के लिए वोट किया है। - चंद्रपाल, मतदाता
क्षेत्र में साफ सफाई व अतिक्रमण मेेरे प्रमुख मुद्दे थे। उन्हीं मुद्दों पर मैंने मतदान किया है। इस उम्मीद से की क्षेत्र में बदलाव आएगा। - आयुषी, मतदाता
लोकतंत्र में हर एक मतदाता जरूरी होता है। सड़क हादसे में मेरे हाथ की हड्डी टूट गई, पैर में चाेट आई। मैंने अपनी जिम्मेदारी को समझा और केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। - संतोष, मतदाता
मेरी उम्र 90 वर्ष है। मुझे पता है एक वोट की कीमत क्या होती है। भले ही मैं ठीक से चल नहीं पाता हूं, फिर भी केंद्र पर पहुंचकर मैंने मतदान किया। - घनश्याम बिष्ट, मतदाता
यह भी पढ़ें- MCD By-Polls: अशोक विहार की मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप, कांग्रेस ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी
पूर्वी जिले के जिलाधिकारी अमोल श्रीवास्तव ने कहा कि सुगम तरीके से उपचुनाव संपन्न हुए हैं। कहीं किसी तरह की कोई वारदात व गढ़बड़ी नहीं हुई है। चुनाव में लोग बेहतर तरीके से भागीदार बने। निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बेहतर तरीके से चुनाव करवाए। दिनभर चुनाव में जुटे रहे। कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में ईवीएम मशीनें रखवाई गई हैं। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तीन स्तरीय है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी हो रही है। |