जागरण संवाददाता, कानपुर। बृजेंद्र स्वरूप पार्क बेनाझाबर में बना मंगल भवन उद्घाटन से पहले ही विवादों की वजह से चर्चा में है। इसका असर रविवार को उद्घाटन समारोह में भी दिखा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि काम करेंगे तो आलोचना होगी। कमियां ढूंढने जाएंगे तो कुछ काम नहीं हो पाएगा, सभी शहर को बेहतर बनाने में जुटें। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
विवाद अनावश्यक है। इसके बनने से गरीबों को फायदा होगा। जेसीआइ कानपुर इंडस्ट्रियल व नगर निगम के सहयोग से बने मंगल भवन में गरीब भी शादी कर सकेंगे। पूरे देश में इतना सस्ता 11 हजार रुपये का मंगल भवन कहीं नहीं मिलेगा।
फीता काटकर मंगल भवन का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह नहीं आ पाए क्योंकि उनको दो जगह जाना था लेकिन आशीर्वाद दिया है। रक्षामंत्री के न आने पर महापौर प्रमिला पांडेय भावुक हो गईं और बोलीं कि मन बहुत दुखी है। मंगल भवन को नगर निगम संचालित करके 11 हजार रुपये में केवल गरीबों को देगा।
उन्होंने कहा कि दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि सांसद व विधायक सोच रहे हैं कि व्यापारी चलाएगा, यह बात मन से निकाल दें। इस दौरान उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को भाई के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से यह कर पाई हूं। एक महिला मार्केट बनाने का सपना है।
जेसीआइ कानपुर इंडस्ट्रियल के पदाधिकारियों व सदस्यों की बधाई दी जो कम समय में सपना धरातल पर साकार कर दिया। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी मंगल भवन का निरीक्षण किया और इसे गरीबों के लिए मील का पत्थर बताया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी व नीलिमा कटियार, जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, महेन्द्र मोहन गुप्त, जेसीआइ कानपुर इंडस्ट्रियल के प्रेसिडेंट प्रणीत अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष आकाश गोयनका, विकास जायसवाल, भावुक गोयल, प्रज्ञा अग्रवाल, श्रुति जैन, नेहा गर्ग, निहारिका गुप्ता आदि उपस्थित रहे। |