बठिंडा सूटकेस हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी ही निकला हत्यारा।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा में मलोट रोड पर स्थित गांव बहिमन दीवाना के पास सूटकेस में मिली युवती की अंधी हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगातार तीन दिनों की कड़ी मेहनत के बाद बठिंडा पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले को ट्रेस कर लिया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके कथित प्रेमी ने ही की थी, जिसके साथ वह घर-बार छोड़कर रह रही थी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
हत्या के पीछे के कारणों को लेकर कई पहलुओं पर जांच चल रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम और हत्या के कारणों का खुलासा कर सकते हैं।
मृतका की पहचान बाघापुराणा की रहने वाली मलिका के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोगा जिले से संबंधित थी। गौरतलब है कि दो दिन पहले बठिंडा–मालोट मुख्य सड़क पर एक लाल रंग के सूटकेस में युवती का शव बरामद हुआ था।
मौके पर डीएसपी परविंदर सिंह सरां और एसएचओ जसविंदर सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे थे। जब सूटकेस खोला गया तो युवती का आधा जला हुआ शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवती की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर तेजधार हथियारों के गहरे निशान थे। इससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हो गया था कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को जलाने की कोशिश की गई और फिर सूटकेस में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। इस जघन्य हत्याकांड ने एक बार फिर समाज में बढ़ते अपराध और नशे की समस्या पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। |
|