जदयू सदस्यता अभियान को 15 दिन का विस्तार, संगठनात्मक चुनाव में देरी संभव (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू अपने सदस्यता अभियान को 15 दिनों का अवधि विस्तार देने की तैयारी में है। मालूम हो कि एक करोड़ लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने के अभियान के तहत जदयू का महाअभियान 14 जनवरी को खत्म हो चुका है। जिलों से सदस्यता अभियान से जुड़ी रसीदों का आधा हिस्सा जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचना आरंभ हो गया है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को बताया कि सभी स्तर जदयू के सदस्यता अभियान को बड़ी सफलता मिली है। बीच में लगभग 10 दिनों तक शीतलहर की वजह से बहुत से लोगों की सक्रियता थोड़ी कम रही। इस वजह यह मांग हाे रही कि 31 जनवरी तक सदस्यता अभियान को विस्तार दिया जाए। इस बारे में पार्टी के शीर्ष स्तर से सहमति ली जा रही। एक-दो दिनों में इस पर निर्णय हो जाएगा।
जदयू की योजना यह थी कि सदस्यता अभियान के खत्म होने के तुरंत बाद संगठन के चुनाव का काम आरंभ कर दिया जाए। पर अगर 31 जनवरी तक सदस्यता अभियान चलता है तो फिर फरवरी में संगठनात्मक चुनाव संभव नहीं हो पाएगा।
दरअसल, दो फरवरी से विधानमंडल का सत्र आरंभ हो रहा। ऐसे में विधायकों की व्यस्तता सदन में रहेगी। ऐसे में संगठन का चुनाव कराने में परेशानी होगी। इसलिए अब संभव है कि होली के बाद ही जदयू का संगठन चुनाव हो।
जदयू सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एक करोड़ लोगों को पार्टी का सदस्य बनाए जाने के लक्ष्य की मानीटरिंग नियमित रूप से पार्टी के शीर्ष स्तर पर हो रही। पार्टी नेतृत्व लगातार इस बारे में अपने विधायकों व जिलाध्यक्षों से फीडबैक ले रहा। पार्टी को उम्मीद है सदस्यता अभियान लक्ष्य के करीब जरूर पहुंच जाएगा। |
|