सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, जागरण, सुरीर। कड़ाके की सर्दी में सड़क किनारे बैठकर अलाव पर ताप रहे लोगों को रविवार शाम तेज रफ्तार थार ने रौंद दिया। हादसे इतना तेज था कि टक्कर लगते ही तीन लोग उछलकर दूर जा गिरे। इसमें एक की मृत्यु हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। एक घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
सुरीर कस्बा में नौहझील-मांट मार्ग पर हुई घटना
कस्बा सुरीर में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कुछ लोग रविवार शाम सात बजे नौहझील-मांट मार्ग स्थित राजवीर सिंह की दुकान के समीप सड़क किनारे अलाव जलाकर ताप रहे थे। कुछ देर बाद तेज रफ्तार आई थार सीधे अलाव ताप रहे लोगों को रौंदते हुए निकल गई। टक्कर लगते ही तीन लोग काफी दूर जा गिरे। शशि कुमार, बनवारी उर्फ बेनामी और राजेंद्र सिंह निवासी सुरीर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। थार सवारों को पकड़ने के लिए ग्रामीण पीछे दौड़े, लेकिन चालक उसे भगा ले गया।
कड़ाके की ठंड से बचने को दुकान पर जलते अलाव के सहारे बैठे थे लोग
ग्रामीणों की सूचना पर सुरीर थाना प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को उपचार के लिए मथुरा रेफर कर दिया। इसी दौरान बनवारी उर्फ बेनामी ने दम तोड़ दिया, जबकि शशि कुमार को गंभीर हालत में स्वजन जिला अस्पताल लेकर रवाना हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि थार सवार नशे में प्रतीत हो रहे थे। इसके कारण तेज रफ्तार थार अनियंत्रित हो गई और टक्कर मारते हुए भाग निकले।
सुरीर थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह का कहना है कि अलाव ताप रहे लोगों को रौंदने वाली थार कार के बारे में जानकारी की जा रही है। प्रार्थना-पत्र मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के वक्त घटनास्थल पर नहीं था कोहरा
नौहझील-मांट मार्ग पर शाम को जिस वक्त घटना हुई, उस समय घटनास्थल पर कोहरा नहीं था। ग्रामीणों ने बताया कि राजवीर सिंह की दुकान के पास लाइटों की रोशनी थी। कोहरा भी नहीं था। हादसे में तीन से चार लोग कार को सामने से आता देख शोर मचाते हुए पीछे की ओर भागे, इससे वे बच गए। जबकि तीन लोग चपेट में आ गए।
पिछले माह नशे में कार सवार ने सोते लोगों पर चढ़ाई थी कार
मथुरा। कोतवाली थाना क्षेत्र के एसबीआई चौराहे के समीप 30 नवंबर की रात सवा 12 बजे शराबी कार सवारों ने सड़क किनारे खाली जगह पर सो रहे लोगों पर कार चढ़ा दी। चीख-पुकार मचते ही कार चालक मौके से फरार हो गया। जबकि उसके साथी को लोगों ने दबोच लिया। हादसे में माला बेचने का काम करने वाली महाराष्ट्र की रहने वाली ऊषादेवी घायल हो गई थी। |