प्रतीकात्मक चित्र
जागरण संवादादाता, बरेली। यूपी के बजट में रोजगार मिशन पर ध्यान केंद्रित किया गया है। बरेली मंडल में भी सेवायोजन विभाग की ओर से मेलों का आयोजन कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल से जनवरी तक मंडल में 163 के सापेक्ष 128 रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं और मार्च तक बचे हुए 35 मेले आयोजित किए जाएंगे।
इन मेलों में 32,753 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। मेलों में 625 कंपनियों ने 14,153 अभ्यर्थियों का चयन कर रोजगार दिया। वित्तीय वर्ष में 17,800 अभ्यर्थियों को रोजगार देने का लक्ष्य है। मंडल में बरेली में सबसे अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग कर अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया और सबसे कम कंपनियां बदायूं में आईं और यहां चयनित अभ्यर्थियों की संख्या भी सबसे कम है।
सेवायोजन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अप्रैल 25 से जनवरी 2026 तक बरेली जिले में 46 रोजगार मेले आयोजित कर 7,150 अभ्यर्थियों को रोजगार देने का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष जनवरी तक 37 मेले आयोजित किए जा चुके हैं। इन मेलों में 17,253 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 311 कंपनियों ने 5,105 अभ्यर्थियों का चयन कर रोजगार दिया।
शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं में 39-39 मेलों का आयोजन कर 3,550-3,550 अभ्यर्थियों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। शाहजहांपुर में लक्ष्य के सापेक्ष 31 मेले आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 6,061 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 154 कंपनियों ने 3,183 का चयन किया।
पीलीभीत में 28 मेले आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 4,766 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया और 92 कंपनियों ने 2,957 अभ्यर्थियों का चयन किया। बदायूं में 32 मेले आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 4,673 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 68 कंपनियों ने 2,908 अभ्यर्थियों को रोजगार दिया है।
पैरामेडिकल और पालिटेक्निक के युवाओं को मिल रहा अधिक रोजगार
समय के साथ रोजगार मेले में आने वाली कंपनियों और युवाओं में भी बदलाव हुआ है। अब स्किल्ड युवाओं का अधिक कंपनियां चयन कर रही हैं। पैरामेडिकल, पालिटेक्निक, बीटेक, एमबीए करने वाले अभ्यर्थियों का अधिक चयन किया जा रहा है।
अब अधिक गुणवत्तापूर्ण कंपनियां भी मेलों में शामिल हो रही हैं। इसके अलावा कैंपस प्लेसमेंट भी शुरू किए गए हैं। इसके अलावा कालेजों में जाकर काउंसिलिंग भी की जा रही है।
अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देने के प्रयास किए जा रहे हैं। रोजगार मेलों और अभ्यर्थियों के चयन का लक्ष्य पूरा किया जा रहा है। मार्च तक लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। रोजगार मेलों के आयोजन के साथ कैंपस प्लेसमेंट भी शुरू किया गया है।
- त्रिभुवन सिंह, सहायक निदेशक सेवायोजन
यह भी पढ़ें- तैयार हो जाइए! मार्च 2026 तक बरेली को मिलेगा पहला मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय, जानें क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं |