LHC0088 Publish time 2026-2-26 14:56:31

‘बच्चा चोर’ की अफवाह में भीड़ का हमला: बीमार महिला की पिटाई, सड़क पर धकेला

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/26/article/image/child-1772099149691_m.webp

\“बच्चा चोर\“ की अफवाह पर एक महिला को भीड़ ने बेरहमी से पीटा



जागरण संवाददाता,आरा (भोजपुर)। आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र में भीड़ की हिंसा का मामला सामने आया है। जगदेव नगर मोहल्ले में बुधवार देर शाम एक महिला की पिटाई कर दी गई। उन्हें संदिग्ध बताकर सड़क पर धकेल दिया गया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
रिश्तेदार के घर आई थीं महिला

घायल महिला की पहचान जनक दुलारी देवी (50) के रूप में हुई है। वह पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र के पालीगंज गांव की रहने वाली हैं।

जानकारी के अनुसार वह पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रही हैं। इलाज के सिलसिले में वह जगदेव नगर स्थित एक रिश्तेदार के घर आई थीं।

घटना के समय वह मोहल्ले में सड़क किनारे एक चबूतरे पर बैठी थीं। तभी कुछ लोगों ने वहां से हटने को कहा।
अफवाह ने बढ़ाया बवाल

पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें ‘बच्चा चोर’ कहकर शोर मचाया। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। कुछ स्थानीय लोगों ने बिना पुष्टि किए मारपीट शुरू कर दी।

महिला को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया गया। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल में कराया गया इलाज

मारपीट के बाद महिला को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। परिजनों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताया है।

उनका कहना है कि बिना किसी आधार के महिला को निशाना बनाया गया। इस तरह की अफवाहें समाज के लिए खतरनाक हैं। परिवार ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही छानबीन

नवादा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अफवाह फैलाने वाले की पहचान की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की संभावना जताई गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages: [1]
View full version: ‘बच्चा चोर’ की अफवाह में भीड़ का हमला: बीमार महिला की पिटाई, सड़क पर धकेला