Chikheang Publish time 3 hour(s) ago

पंजाब के नवांशहर में रफ्तार का कहर, बेकाबू इनोवा दुकान का शटर और पिलर तोड़कर अंदर घुसी; बिजली का खंभा भी उखड़ा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/25/article/image/Car-accident-(2)-1772014938204_m.webp

दुकान का पिलर, शटर और शैड बुरी तरह हुए क्षतिग्रस्त (फोटो: जागरण)



संवाद सहयोगी, नवांशहर। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब एक बजे शहर के गढ़शंकर रोड गुरुद्वारा टाहली साहब समीप एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब तेज रफ्तार इनोवा कार एक बंद करियाना दुकान में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा दुकान के अंदर तक घुस गया और दुकान का पिलर, शटर तथा शैड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि हादसे के समय दुकान बंद थी और अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जानी नुकसान से बचाव हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नवांशहर निवासी प्रिंस पुत्र वरिंदर कुमार मंगलवार देर रात गढ़शंकर रोड स्थित एक पैलेस में आयोजित शादी समारोह से अपनी इनोवा कार (पीबी-32-एल-1010) में सवार होकर घर लौट रहा था। इस दौरान जब वह गुरुद्वारा टाहली साहब समीप पहुंचा तो कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक बंद दुकान में जा घुसी।

दुर्घटनास्थल की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। दुकान के आगे करीब तीन फीट ऊंचा लोहे का गाडर और एक बिजली का खंभा लगा हुआ था। कार पहले लोहे के गाडर को उखाड़ते हुए बिजली के खंभे से टकराई और फिर सीधे दुकान के अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा भी कार के ऊपर गिर गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

दुकानदार कल्याण सिंह पुत्र परशुराम निवासी नवांशहर ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी करियाने की दुकान बंद कर पीछे बने घर में परिवार सहित सो गए थे। रात करीब एक बजे अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।

आवाज इतनी तेज थी कि ऐसा लगा मानो कोई बड़ा विस्फोट हुआ हो। धमाके के साथ ही इलाके की बिजली गुल हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।

कल्याण सिंह ने बताया कि स्थिति को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने कार चालक को वाहन से बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि चालक पूरी तरह सुरक्षित था और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।

जिसके बाद चालक ने अपने कुछ परिचितों को फोन कर मौके पर बुलाया। कुछ देर बाद एक अन्य कार में सवार होकर कुछ युवक पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को मौके से हटाने की कोशिश करने लगे।

दुकानदार ने बताया कि उन्होंने और आसपास के लोगों ने उक्त युवकों को वाहन हटाने से रोक दिया, ताकि पुलिस जांच पूरी कर सके। इसके बाद पुलिस ने चालक को अपने साथ थाने ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

हादसे में दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। दुकान का मुख्य पिलर क्षतिग्रस्त हो गया, शटर पूरी तरह टूट गया और आगे लगा शैड भी बुरी तरह मुड़ गया। बिजली का खंभा गिरने से आसपास की विद्युत लाइनें भी प्रभावित हुईं, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। बिजली विभाग की टीम ने बाद में मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त खंभे और तारों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया।

दुकानदार कल्याण सिंह ने बताया कि फिलहाल दुकान बंद होने के कारण अंदर रखे सामान के नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है। उन्होंने आशंका जताई कि अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ हो सकता है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि उनके हुए नुकसान की उचित भरपाई करवाई जाए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। समय रहते दुकान बंद होने और आसपास किसी के मौजूद न होने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने शहर में यातायात सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने भी घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर में देर रात तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बढ़ती जा रही है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य सड़कों पर रात के समय गश्त बढ़ाई जाए और तेज रफ्तार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए। https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages: [1]
View full version: पंजाब के नवांशहर में रफ्तार का कहर, बेकाबू इनोवा दुकान का शटर और पिलर तोड़कर अंदर घुसी; बिजली का खंभा भी उखड़ा