deltin33 Publish time 1 hour(s) ago

सिद्धार्थनगर के इनोवा चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर गाड़ी लूटी, गोपालगंज में मिला ड्राइवर

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/25/article/image/driver-1772000330518_m.webp

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण



जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। वाहन बुक कर बिहार ले जाने के बहाने बदमाशों ने इनोवा चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर गाड़ी लूट ली। चालक को गोपालगंज में अर्धबेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर सिद्धार्थनगर पुलिस वहां पहुंची और उसे सकुशल वापस ले आई। फिलहाल पुलिस वाहन और आरोपितों की तलाश में जुटी है।

सदर थाना क्षेत्र के शिवपुरी कालोनी निवासी संजय गुप्ता व उनके भाई नागेंद्र गुप्ता किराये पर इनोवा चलाते हैं। गाड़ी के स्वामी भी वही हैं। संजय के अनुसार 23 फरवरी को रेलवे स्टेशन पार्किंग के ठीकेदार के एक कर्मचारी ने अपने दो परिचितों के लिए गोपालगंज (बिहार) जाने को इनोवा बुक कराई थी। रात करीब 11 बजे नागेंद्र उक्त व्यक्तियों को लेकर रेलवे स्टेशन से रवाना हुए। रात करीब तीन बजे नागेंद्र का मोबाइल स्विच आफ हो गया।

इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। संजय ने जब बुकिंग कराने वालों से संपर्क साधने की कोशिश की तो पता चला कि जिस नंबर से आधार कार्ड भेजा गया था, उसे डिलीट कर दिया गया है। इससे शक और गहरा गया। उन्होंने तत्काल सदर थाने में सूचना दी।

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर गोपालगंज में नागेंद्र का पता लगाया। वह वहां अर्धबेहोशी की हालत में मिले। होश में आने पर नागेंद्र ने बताया कि रास्ते में बदमाशों ने उन्हें खाने-पीने में नशीला पदार्थ मिला दिया था।

यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में कुंडी से लटका मिला किशोरी का शव, जांच में जुटी पुलिस

बेहोश होने के बाद आरोपित इनोवा और उनका मोबाइल लेकर फरार हो गए। बाद में कुछ होश आने पर उन्होंने एक राहगीर से मोबाइल मांगकर अपने भाई को घटना की जानकारी दी।

प्रभारी निरीक्षक सदर मिथलेश कुमार राय ने बताया कि नागेंद्र को उनके स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। वाहन की तलाश और आरोपितों की पहचान के लिए टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इनोवा भले ही पुरानी हो, लेकिन उसकी बरामदगी और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages: [1]
View full version: सिद्धार्थनगर के इनोवा चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर गाड़ी लूटी, गोपालगंज में मिला ड्राइवर