देवरिया के सलेमपुर में विदेश भेजने के नाम पर छह लोगों से छह लाख रुपये ऐंठे, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/24/article/image/fraud-1771933688620_m.webpसंवाद सूत्र, सलेमपुर। विदेश भेजने का झांसा देकर आधा दर्जन लोगों से करीब छह लाख रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि युवक ने पीड़ितों के पासपोर्ट भी अपने पास रख लिए और एक पासपोर्ट पर फर्जी मुहर लगाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार को सभी शिकायतकर्ता कई लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
उपनगर मझौली राज के वार्ड नंबर सात शंकर नगर निवासी इरशाद खान पुत्र इदरीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बेरोजगारी के कारण वह विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान पास के गांव के एक युवक ने उसे विदेश भेजने का भरोसा दिया और दो किश्तों में एक लाख, 60 हजार रुपये तथा पासपोर्ट ले लिया। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वीजा व टिकट की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो उसने टालमटोल शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित ने पासपोर्ट पर फर्जी स्टांप लगाकर उसे खराब कर दिया और धमकी भी दी।
इसी तरह मझौलीराज के टेढ़ी मोहल्ले के सत्यानंद गुप्ता, प्रकाश सिंह, पारस नाथ गुप्ता व बिहार के सीतामढ़ी निवासी एक युवक से भी विदेश भेजने के नाम पर रकम ऐंठ ली गई। सभी पीड़ितों का आरोप है कि उनसे छह लाख रुपये से अधिक की धनराशि ली गई और पासपोर्ट भी वापस नहीं किया गया। रकम और पासपोर्ट वापस न मिलने से परेशान पीड़ित मंगलवार को एकजुट होकर कोतवाली पहुंचे। उनके साथ नगर के कुछ संभ्रांत लोग भी मौजूद रहे।
सभी ने आरोपित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और पासपोर्ट वापस दिलाने की मांग की। कोतवाली पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि सभी शिकायतकर्ताओं से तहरीर प्राप्त हुई है। आरोपित को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। https://www.jagranimages.com/images/womenday780x100.png?v1https://www.jagranimages.com/images/womendayANI380x100.gif
Pages:
[1]