अब वैष्णो देवी से नहीं, जम्मू से चलेगी कश्मीर के लिए वंदे भारत, आज होगा ट्रायल; 20 कोच वाला रैक तैयार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/24/article/image/kashmir_vande_bharats-1771909527520_m.webpकैप्शन: आज होगा कश्मीर जाने वाली वंदे भारत का ट्रायल (जागरण फाइल)
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू से श्रीनगर के बीच सीधे वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की दिशा में भारतीय रेलवे एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। मंगलवार को जम्मू और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन किया जाएगा।
इस ट्रायल का उद्देश्य ट्रेन को पूर्ण रूप से सेवा में शामिल करने से पहले तकनीकी और परिचालन संबंधी कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करना है। वर्तमान में कटड़ा से दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस पहले से संचालित हो रही है, लेकिन जम्मू-श्रीनगर के बीच प्रस्तावित वंदे भारत विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के कठिन मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
कटड़ा से श्रीनगर के बीच विशेष वंदे भारत पहले ही ट्रायल और सीमित परिचालन के दौर से गुजर चुकी है, लेकिन अब रेलवे इसे जम्मू तक विस्तारित करने की तैयारी कर रहा है, जिससे जम्मू शहर सीधे घाटी से आधुनिक सेमी हाई-स्पीड रेल सेवा से जुड़ सकेगा।
जम्मू रेल डिवीजन के सीनियर डिवीजनल कामर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने बताया कि पहले वंदे भारत का ट्रायल जम्मू-रियासी सेक्शन में प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे जम्मू से कटड़ा तक ही चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ट्रायल सफल रहने पर रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद इस ट्रेन का विस्तार कर इसे जम्मू से श्रीनगर के बीच नियमित रूप से चलाया जा सकेगा। जम्मू रेलवे स्टेशन से इस विशेष ट्रेन के संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
20 कोच का रेक पहुंचा जम्मू
20 कोच का विशेष रैक जम्मू पहुंच चुका है और प्लेटफार्म, रखरखाव तथा संचालन से जुड़े इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जम्मू से श्रीनगर के बीच वंदे भारत चलने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी और पर्यटन तथा व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
कटड़ा-श्रीनगर वंदे भारत की विशेषताएं
जम्मू-कश्मीर के लिए तैयार की गई विशेष वंदे भारत ट्रेन को अत्याधुनिक तकनीक और स्थानीय मौसम को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इस ट्रेन में स्नो कटर लगाए गए हैं, जिससे भारी बर्फबारी के दौरान भी रेल संचालन संभव हो सके। कोचों में विशेष हीटिंग सिस्टम और तापमान नियंत्रण प्रणाली लगाई गई है, ताकि अत्यधिक ठंड में भी यात्रियों को आरामदायक माहौल मिल सके।
इसके अलावा, ट्रेन में उन्नत ब्रेकिंग सिस्टम, एंटी-स्किड तकनीक और बेहतर ट्रैक्शन कंट्रोल की सुविधा है, जिससे पहाड़ी और ढलान वाले ट्रैक पर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके। वंदे भारत में आधुनिक यात्री सुविधाएं जैसे स्वचालित दरवाजे, वाई-फाई, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, आरामदायक सीटें और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था भी शामिल है।
https://www.jagranimages.com/images/womenday780x100.png?v1https://www.jagranimages.com/images/womendayANI380x100.gif
Pages:
[1]