Chikheang Publish time 1 hour(s) ago

पत्नी से अवैध संबंध के शक में दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल ने ED कर्मचारी की गोली मारकर की हत्या

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/24/article/image/Firing-1771885485117_m.webp

पत्नी से अवैध संबंध के शक में ईडी के कर्मचारी की हत्या।



जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी जिले के वजीराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के दिल्ली पुलिस के हेड कस्टेबल ने पत्नी के अवैध संबंध के शक में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव काठा, बागपत, यूपी के आशीष के रूप में हुई है। आशीष प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में एमटीएस कर्मी था, जबकि आरोपित प्रवेश दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में हेड कांस्टेबल है, फिलहाल उसकी तैनाती उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा ट्रैफिक सर्किल में है। दोनों गांव से पड़ोसी की बारात में वजीराबाद आए थे।

गोली चलते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आशीष के भाई अनुज के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित प्रवेश, उसके भाई संदीप व साले मेरठ के विपिन को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपित प्रवेश की लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। वहीं वारदात में शामिल एक आरोपित विकास मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है।

उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, आशीष अपने परिवार के साथ गांव काठा, बागपत, यूपी में रहता था। आशीष के पिता यूपी पुलिस से सेवानिवृत्त हैं। रविवार को काठा से दिल्ली के वजीराबाद में पड़ोसी गौरव की बरात आई थी। बारात का इंतजाम गुलशन वाटिका, गली नंबर-14/4, वजीराबाद में था। यहां पर गांव का प्रवेश अपने भाई संदीप और साले विपिन व विकास के साथ आया हुआ था। पूरी रात को बरात का जश्न चला। सभी ने खूब शराब भी पी।

तड़के बारात वापस गांव काठा जाने की तैयारी कर रही थी। इस बीच प्रवेश की आशीष के कहासुनी हो गई। उसके साथ भाई संदीप व दोनों साले विकास व विपिन भी थे। इसी दौरान प्रवेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उसकी बट से पहले आशीष को पीटा। बाद में उसके सीने में गोली मारकर फरार हो गए।

आशीष का भाई अनुज उसे नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तड़के पुलिस को खबर मिली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। बाद में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित प्रवेश, संदीप और विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में प्रवेश ने बताया उसे शक था कि आशीष और उसकी पत्नी के बीच अवैध संबंध है। इसी वजह से दोनों के बीच विवाद रहता था। तीन चार माह पहले प्रवेश ने आशीष के पिता सतपाल से शिकायत की थी। उस समय भी मारपीट की नौबत आ गई थी। पिता सतपाल ने बीच-बचाव कराया था। उस समय बात रफा-दफा हो गई थी। स्वजन का आरोप है कि शक की वजह से ही आरोपित ने आशीष की हत्या की।

यह भी पढ़ें- AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन मामले में ग्वालियर से तीन और कार्यकर्ता गिरफ्तार https://www.jagranimages.com/images/womenday780x100.png?v1https://www.jagranimages.com/images/womendayANI380x100.gif
Pages: [1]
View full version: पत्नी से अवैध संबंध के शक में दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल ने ED कर्मचारी की गोली मारकर की हत्या