बेमौसम आंधी-बारिश व ओलावृष्टि से भारी तबाही, फसलें चौपट; पूर्व चेतावनी के बावजूद नहीं टल सका नुकसान
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/24/article/image/barish-1771876066442_m.webpओडिशा के सुबर्णपुर में बेमौसम आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने व्यापक तबाही मचाई।
जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा के सुबर्णपुर जिला अंतर्गत बिनिका क्षेत्र में सोमवार शाम आई बेमौसम आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने व्यापक तबाही मचाई। शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में गिरे ओलों ने खेतों और रिहायशी इलाकों को प्रभावित कर दिया।
तेज हवा के कारण कई कच्चे मकानों की छतें उड़ गईं, पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े और कई जगह बिजली के खंभे व तार क्षतिग्रस्त हो गए। इससे अनेक गांवों में देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सब्जी फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान
ओलावृष्टि से खेतों में तैयार सब्जी और दलहन की फसल बर्बाद हो गई। टमाटर, बैंगन, मिर्च सहित अन्य सब्जियों को भारी क्षति पहुंची है। किसानों के अनुसार कई एकड़ में लगी फसल पूरी तरह चौपट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन ने शुरू किया सर्वे
घटना के बाद राजस्व और कृषि विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचीं और नुकसान का प्राथमिक आकलन शुरू किया। अधिकारियों ने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराई जा सके।
गौरतलब है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की थी। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह भी दी थी। इसके बावजूद अचानक आई तेज आंधी और ओलावृष्टि से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ।
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक राज्य के कुछ हिस्सों में इसी प्रकार के मौसम बने रहने की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- बेटी की मैट्रिक परीक्षा के लिए उम्रकैद पिता को अंतरिम जमानत, मानवीय आधार पर हाईकोर्ट ने दी राहत https://www.jagranimages.com/images/womenday780x100.png?v1https://www.jagranimages.com/images/womendayANI380x100.gif
Pages:
[1]