हिसार में युवकों के झगड़े में बीच-बचाव करना रिटायर्ड फौजी को पड़ा भारी, चाकूओं से गोदकर की गई हत्या
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/hissar-news-(4)-1771807158120_m.webpवारदात के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मृतक के स्वजन और परिचित
जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के सेक्टर 9-11 के मोड़ पर आपस में झगड़ा कर रहे युवकों को छुड़वाने गए सेना से सेवानिवृत्त और गांव लाडवा निवासी 62 साल के कलम सिंह की सरेराह चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हमलावरों ने चाकू से दो से तीन वार किए। झगड़े में एक युवक को भी चोटें आई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से भाग गए। लहुलूहान हालत में उन्हें शहर के जिंदल अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विजयपाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ली। पुलिस टीम आरोपितों की तलाश कर रही हैं। पता चलने पर सीआइए और स्पेशल स्टाफ की टीम भी पहुंची।
शाम को सड़क पर टहल रहे थे
मूलरूप से गांव लाडवा के रहने वाले विकास ने बताया कि उनके पिता कलम सिंह सेना से सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त है। अब परिवार के साथ दयानंद कॉलोनी में रहते थे। उन्होंने बताया कि पिता ने सेक्टर 9-11 के मोड़ के पास प्रॉपर्टी डीलिंग का दफ्तर किया हुआ है।
हर रोज शाम को वे दफ्तर के बाहर सड़क पर टहलते है। रविवार को भी सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान दफ्तर के सामने करीब 20 युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। उनको देखकर पिता छुड़वाने के लिए गए। जब वे बीच-बचाव कर रहे थे तो झगड़ा कर रहे एक युवक ने उनके सीने पर चाकू से वारकर दिया।
चाकू से चार से पांच वार किए गए। चाकू लगने से पिता जमीन पर गिर गए। हमला करने वाले युवक मौके से भाग गए। आसपास के दुकानदारों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए जिंदल अस्पताल लेकर आए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। स्वजनों ने बताया कि मृतक कलम सिंह के एक बेटा और एक बेटी है।
युवक ने होटल में जाकर बचाई जान
झगड़े के दौरान एक पक्ष का रोहित नामक युवक भी घायल हो गया। उसने होटल के अंदर जाकर अपनी जान बचाई। बाद में होटल संचालक उसे बाहर लेकर आए। उसके मुंह और सिर से खून बह रहा था। संचालक ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले घायल युवक वहां से चला गया था।
मछली मार्केट में हुआ पहले विवाद
पुलिस की जानकारी के अनुसार मछली मार्केट में शराब के नशे में दो पक्षों मे झगड़ा हुआ। वहां पर लोगों ने बीच-बचाव का मामले को शांत करवा दिया। फिर दोनों पक्ष सेक्टर 9-11 के मोड़ के पास आकर झगड़ने लगे। युवाओं को झगड़ा देख कलम सिंह छुड़वाने के लिए आए थे। उन्हें क्या पता था कि उन पर ही चाकू से हमला कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कुरुक्षेत्र में मकान के विवाद में दिनदहाड़े भतीजे ने फावड़े से वार कर ताऊ को उतारा मौत के घाट, इलाके में फैली सनसनी
सेक्टर 9-11 के मोड़ पर रोजाना रहती है भीड़
शहर के दिल्ली मार्ग पर सेक्टर 9-11 के मोड़ पर देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। दिल्ली रोड पर भी वाहन गुजरते रहते है। इसी दौरान वहां पर हो रहे दो पक्षों में लात-घूसे चले। यहां तक की एक युवक भी चाकू से वार किया गया। वहां से गुजर रहे लोग युवाओं को झगड़ा देखकर कर वहां से चले। किसी ने भी पुलिस को सूचना देने की जहमत तक नहीं उठाई।
सेक्टर 9-11 के मोड़ पर सेना से सेवानिवृत्त एसआई कलम सिंह की हत्या मामले में आरोपितों की तलाश जारी है। जल्द आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
निरीक्षक विजयपाल, अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी, हिसार
Pages:
[1]