Chikheang Publish time 1 hour(s) ago

बहराइच में सरकारी किताबें बेचने के मामले में अनुचर और कबाड़ी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 13 हजार से ज्यादा किताबें बरामद

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/behraich-news-(3)-1771801614273_m.webp

रामगांव पुलिस अभिरक्षा में सरकारी किताबों संग पकड़े गए आरोपित



जागरण संवाददाता, बहराइच। नए सत्र 2026-27 की सरकारी किताबों को कबाड़ी के यहां चार रुपये प्रति किलोग्राम बेचने के मामले में रामगांव पुलिस ने रविवार को अनुचर व कबाड़ी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार एक अन्य आरोपित की तलाश में पुलिस जुटी है।

बेची गई 13,082 सरकारी पुस्तकें पुलिस ने बरामद किया है। पांच दिन पहले कबाड़ी के यहां किताब बेचने की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला उजागर हुआ था।

रामगांव के मेटुकहा में बीते 17 फरवरी को कबाड़ी की दुकान पर कंटेनर से किताब बेचने की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। प्रकरण डीएम अक्षय त्रिपाठी के संज्ञान में आते ही कार्रवाई शुरू कराई गई। पुलिस ने लखीमपुर जिले से किताब लदी कंटेनर को वापस लाया और जांच शुरू की।

महसी सीओ पवन कुुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि बीएसए कार्यालय में अनुचर पद पर तैनात आलोक मिश्र सरकारी पुस्तकों के रख-रखाव का कार्य करता है, धनलाभ के उद्देश्य से अपने साथियों शुभांकर गुप्त, अर्जुन, समीर अहमद व कबाड़ी दिलशाद अली के साथ मिलकर स्टाक से सरकारी पुस्तकों का गबन कर बेच दिया।

सीओ ने बताया कि चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया, जबकि अभियुक्त समीर अहमद की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष गुरूसेन सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार यादव, एसआई अयोध्या सिंह समेत अन्य लोग शामिल रहे।

इन पर हो चुकी है कार्रवाई

डीएम के निर्देश पर बीएसए आशीष कुमार सिंह ने विभागीय परिचारक शफीक अहमद और आलोक कुमार को निलंबित कर दिया है। संविदात्मक जिला समन्वयक (सामुदायिक भागीदारी) आशुतोष सिंह, स्पेशल एजुकेटर दीपक कुमार और प्रशिक्षक अतुल कुमार सिंह को बर्खास्त कर दिया है। नगर बीइओ डाली मिश्रा, मुख्यालय रंजीत कुमार व सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी वीरेश कुमार वर्मा के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम शासन को पत्र लिख चुके है।

दो सदस्यीय टीम करेगी जांच

दो बीइओ व लेखाधिकारी पर कार्रवाई के बाद सभी ने बीएसए पर गलत पत्रांक पर कमेटी का सदस्य बनाए जाने का आरोप लगाकर डीएम से जांच की मांग की थी। डीएम के निर्देश पर सीडीओ मुकेश चंद्र ने दो सदस्यीय टीम गठित कर दी, जिसमें एसडीएम श्रीप्रकाश व वरिष्ठ कोषागार अधिकारी नरोत्तम शरण को शामिल किया गया है। यह जांच कर रिपोर्ट डीएम को सौपेंगे।

यह भी पढ़ें- बहराइच में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, भाई-बहन की मौत
Pages: [1]
View full version: बहराइच में सरकारी किताबें बेचने के मामले में अनुचर और कबाड़ी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 13 हजार से ज्यादा किताबें बरामद