पांडवेश्वर में भीषण सड़क हादसा, बस डंपर में टक्कर
https://www.jagranimages.com/images/jagran_logo_m.webpपांडवेश्वर में भीषण सड़क हादसा, बस डंपर में टक्कर
संवाद सहयोगी, जागरण, पांडवेश्वर : पांडवेश्वर के खुट्टाडीह मोड़ पर रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक यात्री बस और राख लदे डंपर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि सौभाग्य से कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई और कई यात्री बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद डंपर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। सूचना मिलते ही पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड और थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन मंगाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया, जिसके कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। इधर स्थानीय निवासियों का आरोप है कि खुट्टाडीह मोड़ लंबे समय से दुर्घटना ग्रस्त क्षेत्र बना हुआ है। कई बार स्पीड ब्रेकर निर्माण और ट्रैफिक नियंत्रण की मांग उठाई गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। तेज गति का नतीजा है कि दो वाहनों में आमने सामने की टक्कर हो गई। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र गति-नियंत्रण उपाय और आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Pages:
[1]