deltin33 Publish time Yesterday 23:26

हरियाणा: सुधा भारद्वाज की छुट्टी, पर्ल चौधरी होंगी महिला कांग्रेस की नई अध्यक्ष

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/congress-(18)-1771784467232_m.webp

पर्ल चौधरी होंगी महिला कांग्रेस की नई अध्यक्ष। फोटो जागरण



राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के अग्रणीय संगठनों में नियुक्तियों की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। कांग्रेस हाईकमान ने महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज के स्थान पर दक्षिण हरियाणा के पटौदी से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी पर्ल चौधरी को महिला कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पर्ल चौधरी के पिता चौधरी भूपेंद्र सिंह पटौदी से विधायक रह चुके हैं।

पर्ल चौधरी की पहचान कांग्रेस में दलित महिला नेत्री की है। उन्हें कांग्रेस हाईकमान का आशीर्वाद मिला है। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने उनकी नियुक्ति की सिफारिश की थी। माना जाता है कि पर्ल चौधरी को रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का आशीर्वाद मिला हुआ है, लेकिन उनके नाम पर कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला अथवा बीरेंद्र सिंह खेमे ने भी किसी तरह का विरोध नहीं किया है।

महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज पर सैलजा व सुरजेवाला खेमे की मुहर लगी हुई थी। बीरेंद्र सिंह के बेटे पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा की शुरुआत भी सुधा भारद्वाज ने ही की थी। तब से वह हुड्डा खेमे के निशाने पर थीं।

सुधा भारद्वाज के अलावा कांग्रेस नेत्री मनीषा सांगवान, सुषमा धानक और श्वेता ढुल भी महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनने के दावेदारों में शामिल थी। श्वेता ढुल तो दो दिन पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलकर आई हैं।

उनकी पहचान कांग्रेस में क्रांतिकारी महिला नेत्री की हैं। कई माह तक उन्होंने रणदीप सुरजेवाला के साथ राजनीति की। बाद में उन्होंने दीपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे की तरफ रुख कर लिया। महिला कांग्रेस की नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी को दलित होने का लाभ मिला है।

कांग्रेस हाईकमान ने यह तय किया हुआ था कि इस पद पर किसी दलित महिला की नियुक्ति की जानी है। सुधा भारद्वाज के पति संजीव भारद्वाज हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी हैं। उनकी परफारमेंस पर भी कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद की निगाह टिकी हुई है।
Pages: [1]
View full version: हरियाणा: सुधा भारद्वाज की छुट्टी, पर्ल चौधरी होंगी महिला कांग्रेस की नई अध्यक्ष