Muzaffarpur Matric exams : मैट्रिक की घंटी बजी आखिरी, अब प्रसाद और पिचकारी की बारी
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/education-1771771388512_m.webpमैट्रिक बोर्ड की मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद मंदिर दर्शन के लिए पहुंचीं छात्राएं। जागरण
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । मैट्रिक बोर्ड की मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में आए परीक्षार्थियों ने रविवार को माल और बाजारों में जमकर होली की खरीदारी की। परीक्षा का तनाव खत्म होते ही छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी दिखी।
रविवार को शहर के प्रमुख बाजारों और माल में रंग, अबीर-गुलाल, पिचकारी, गुब्बारे तथा नए कपड़ों की दुकानों पर काफी भीड़ देखी गई। ग्रामीण इलाकों से आए कई छात्र अपने अभिभावकों और दोस्तों के साथ खरीदारी करते नजर आए।
अघोरिया बाजार रोड के एक माल में पारू की संगीता कुमारी होली के लिए कपड़ा की खरीदारी कर रही थी। परीक्षा बेहतर गया है। अंग्रेजी व ऐच्छिक विषय की परीक्षा होनी है।
इमली चट्टी रोड के एक माल में खरीदारी करते हुए परीक्षार्थी प्रियंका ने बताया कि अब वे परिवार के साथ होली मनाने घर जाएंगी। इसलिए शहर से ही जरूरी सामान खरीदी। उधर, कई दुकानदारों का कहना है कि रविवार को बाजार में परीक्षार्थियों की अच्छी भीड़ रही। होली से संबधित सामग्री की खरीदारी हो रही है।
गरीबस्थान, देवी मंदिर में परीक्षार्थियों की लंबी कतार
मुजफ्फरपुर : मैट्रिक बोर्ड की मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों से आए परीक्षार्थियों ने रविवार को स्थानीय मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। परीक्षा को लेकर ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शहर में आए हुए है।
मेन सब्जेक्ट खत्म समाप्त होते ही उन्होंने भगवान का आशीर्वाद लेने का निर्णय लिया। रविवार सुबह से ही मंदिरों में विद्यार्थियों की भीड़ देखी गई। छात्रों ने सफल परिणाम की कामना करते हुए प्रसाद चढ़ाया और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की।
अभिभावक भी अपने बच्चों के साथ मंदिर पहुंचे और उनके अच्छे अंक आने की दुआ मांगी। गायघाट के राकेश कुमार ने बताया कि परीक्षा का दबाव अब खत्म हो गया है । सोमवार को अंग्रेजी विषय की परीक्षा है। हालांकि परीक्षा 25 फरवरी तक चलेगी।
Pages:
[1]