cy520520 Publish time 2026-2-22 19:57:09

गूगल पे हैक कर कैंसर पीड़िता के खाते से निकाले 32 लाख, चंडीगढ़ में बुजुर्ग महिला के साथ साइबर ठगी

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/ff9-1771771597735_m.webp

सेक्टर-15 में रहने वाली बुजुर्ग महिला के साथ साइबर ठगों ने की ठगी।



जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-15 में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के साथ 32 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। महिला कैंसर से पीड़ित है और लकवाग्रस्त भी है। उसने अपने खाते में यह रकम अपने इलाज के लिए रखी थी।

ठगों ने महिला का गूगल पे अकाउंट हैक किया और उसके खाते से रकम उड़ा दी। इस बारे में जब महिला के बेटे को पता चला तो उसने पुलिस को शिकायत दी। सेक्टर-17 स्थित साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता बुलंद इकबाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-15 में अपनी मां ओपिंदर सिंह के साथ रहता है। उनके भाई की मौत के बाद उसके डेथ क्लेम की रकम मां के खाते में आई थी। इस रकम को उन्होंने मां के इलाज व आपातकालीन जरूरतों के लिए रखा हुआ था।

खाते का उपयोग मुख्य रूप से इलाज, दवाइयों और देखभाल करने वाले स्टाफ के भुगतान के लिए किया जाता था। इकबाल ने बताया कि हाल ही में जब उन्होंने गूगल पे के माध्यम से अटेंडेंट और फिजियोथेरेपिस्ट को भुगतान करने की कोशिश की तो ऐप ने लेन-देन ब्लाॅक दिखाया।

उन्होंने बैंक जाकर जानकारी ली तो पता चला कि उनके खाते से 32 लाख रुपये गूगल पे के जरिए निकाले जा चुके हैं। उन्हें पता चला कि कुछ दिन पहले उनकी मां के मोबाइल पर काल फारवर्डिंग एक्टिवेट थी, जिसके बारे में उन्हें कुछ पता नहीं था।

उन्होंने तुरंत काल फारवर्डिंग को हटवा दिया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनके खाते से बड़ी रकम निकल चुकी थी। उन्होंने आशंका जताई कि ठगों ने काल फारवर्डिंग के जरिए ओटीपी हासिल कर वारदात को अंजाम दिया होगा।

उन्होंने इस बारे में पुलिस को जानकारी दी। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट में संदिग्ध लेन-देन को चिन्हित कर साइबर क्राइम पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और ठगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Pages: [1]
View full version: गूगल पे हैक कर कैंसर पीड़िता के खाते से निकाले 32 लाख, चंडीगढ़ में बुजुर्ग महिला के साथ साइबर ठगी