LHC0088 Publish time 2 hour(s) ago

लुटियंस दिल्ली में एक दिन में चोरी और लूट की दो वारदात, पुलिस सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/Delhi-Police-(1)-1771763796068_m.webp

लुटियंस दिल्ली में चोरी और लूट की वारदात से सुरक्षा उठे सवाल। (फाइल फोटो)



जागरण संवाददात, नई दिल्ली। एक तरफ जहां एआई समिट को लेकर दिल्ली पुलिस सुरक्षा को लेकर दावे भर रही थी, वहीं दूसरी तरफ बदमाश सबसे सुरक्षित और हाई-प्रोफाइल माने जाने वाले लुटियंस दिल्ली में वारदातों को अंजाम देते रहे।

एक ही दिन में लूट और चोरी की दो वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पहली घटना में हाथ में चाकू लिए नकाबपोश चार बदमाशों ने कनॉट प्लेस स्थित सिंधिया हाउस के कारीगरी रेस्टोरेंट में शुक्रवार तड़के चार बजे 6.67 लाख नकद और तीन मोबाइल फोन लूटे और फरार हो गए।
लोधी एस्टेट इलाके में हुई दूसरी घटना

वहीं दूसरी घटना में उसी दिन ठक-ठक गिरोह ने लोधी एस्टेट इलाके में कार चालक से सात लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक आरोपित पकड़ से बाहर हैं।

पुलिस के मुताबिक, पहली चोरी की घटना बाराखंबा थाने में दर्ज हुई, जिसमें रेस्टोरेंट के मेंटेनेंस इंचार्ज रमेश शुक्ला घटना के समय अंदर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब चार बजे तेज आवाज सुनकर नीचे पहुंचे तो कैश काउंटर के पास चार लोग खड़े थे, जिनके चेहरे नकाब से ढके हुए थे और हाथ में चाकू थे।

शोर मचाने पर आरोपित पीछे की ओर भागे और दीवार फांदकर फरार हो गए। जांच में लाकर में रखे 6.67 लाख चोरी थे। इसके अलावा रेस्टोरेंट के दो मोबाइल फोन और सुरक्षा गार्ड का एक फोन भी बदमाश अपने साथ ले गए।
हेलमेट पहने स्कूटी सवार किया कार पीछा

दूसरी वारदात में मोती नगर के अभिमन्यु शुक्ला ने तुगलक रोड थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह डीएलएफ कैपिटल ग्रीन में प्राइवेट गाड़ी चलाते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी कार से लाजपत नगर जा रहे थे। उन्हें अपनी बेटी की शादी के लिए आभूषण खरीदने थे, इसलिए वह बैग में सात लाख रुपये लेकर निकले थे। शाम करीब 4:20 बजे वह महर्षि रमण मार्ग से गुजर रहे थे। उसी दौरान एक हेलमेट पहने स्कूटी सवार ने उनकी कार का पीछा करना शुरू किया।

बदमाश ने पहले कार के पिछले हिस्से पर हाथ मारा और फिर ड्राइवर साइड के मिरर के पास आकर पैर पर टक्कर मारने की बात कहकर चिल्लाने लगा और पीड़ित का ध्यान भटकाते हुए दूसरा मोटरसाइकिल सवार कार से नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गया। बैग में नकदी के अलावा कार की आरसी, इंश्योरेंस, पासबुक और चेकबुक थी। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

यह भी पढ़ें- AI समिट सुरक्षा के बावजूद दिल्ली में हुई बड़ी लूट, कनॉट प्लेस में रेस्टोरेंट से 6.67 लाख नकदी ले उड़े बदमाश
Pages: [1]
View full version: लुटियंस दिल्ली में एक दिन में चोरी और लूट की दो वारदात, पुलिस सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल