बाराबंकी में अब 24 घंटे मिलेगी जांच की सुविधा, इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब बनकर तैयार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/C-447-1-LKO1447-462170-1771758274089-1771758311059_m.webpअब 24 घंटे मिलेगी जांच की सुविधा।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। मरीजों को अब 24 घंटे जांच की सुविधा मिलेगी। मरीजों को एक स्थान पर सभी जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। जिला महिला अस्पताल की पैथोलाजी विभाग के द्वितीय तल पर 96 लाख रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब बनकर तैयार हो गई है। इसे स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर भी कर दिया गया है। अब उद्घाटन का इंतजार है।
इस लैब के शुरू हो जाने से मरीजों को सभी प्रकार की जांच की सुविधा आसानी से मिल सकेगी और उन्हें इधर-उधर की भागदौड़ करने से राहत मिलेगी। अब लोगों को हार्मोन्स, विटामिन और कैंसर जैसी गंभीर जांचों के लिए निजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस लैब में जिले भर की सीएचसी व पीएचसी की पैथोलाजी से रक्त नमूने जांच के लिए आएंगे और उनकी रिपोर्ट यहां से प्रेषित की जाएगी। उनको जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। संचारी व गैर संचारी रोगों की 120 से अधिक जांचें यहां पर होगी। लैब में अत्याधुनिक जांच मशीनें लगाई जा रही है।
इस लैब के शुरू हो जाने से मरीजों को लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल, एचआईवी, सीबीसी 5 पार्ट- 2, सीबीसी 3 पार्ट- 2, बायोकेमिस्ट्री, क्लीनक्वानटा, हारमोनसी, कोगुलेशन, इलेक्ट्रोलाइट टेस्ट, यूरिन रुटीन, यूरिन प्रेनेंसी, मलेरिया टेस्ट, डेंगू एनएसआई, वाइडल फार टायफाइड, सीआरपी टेस्ट, ब्लड ग्रुप एबीओ-आरएच, हेमोग्लोबिन, फाइलेरिया स्लाइड टेस्ट समेत कई प्रकार की जांच आसानी से हो सकेंगी।
जिला महिला अस्पताल के सीएमएस बनाए गए नोडल
इस लैब का नोडल अधिकारी जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. प्रदीप कुमार को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि स्टाफ व सामान की डिमांड भेजी गई है। सीएमओ डा. अवधेश यादव ने बताया कि आइपीएचएल बनकर तैयार हो चुकी है। जल्द ही लैब शुरू कराई जाएगी।
Pages:
[1]