कनेक्शन कटने के बाद भी बिजली चोरी, कटिया डालकर जलाया बल्ब, विभाग ने ठोका तगड़ा जुर्माना
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/Bijli-chori-1771756641136_m.webpMadhubani Power Raid: जुर्माना वसूलने के साथ ही नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Power Connection Cut: बिजली चोरी पर सख्ती दिखाते हुए विद्युत आपूर्ति प्रशाखा रहिका की ओर से छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई कनीय विद्युत अभियंता सचित कुमार के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी दल में मानवबल प्रेमकांत राय, अमित कुमार राय समेत अन्य कर्मी शामिल थे।अभियान के दौरान बसुआरा मध्य विद्यालय मोहल्ला निवासी स्व. लक्ष्मी राम की पत्नी मुन्नी देवी के आवासीय परिसर में बिजली चोरी का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, अधिक बकाया रहने के कारण उनका विद्युत कनेक्शन पहले ही काट दिया गया था, इसके बावजूद चोरी से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इस पर विभाग ने पूर्व बकाया सहित कुल 15,232 रुपये का जुर्माना लगाया।
इसी क्रम में बैद्यनाथ पासवान के पुत्र जीवछ पासवान के घर बिना किसी वैध विद्युत कनेक्शन के कटिया डालकर बिजली चोरी करते पाए गए। इस मामले में उनके विरुद्ध 8,883 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया।
वहीं, श्री प्रसाद मुखिया की पत्नी परमेश्वरी देवी का बिजली कनेक्शन भी अधिक बकाया के चलते पूर्व में ही काटा जा चुका था, लेकिन उनके आवासीय परिसर में चोरी से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। विभाग ने इस मामले में पिछला बकाया जोड़ते हुए कुल 12,959 रुपये का जुर्माना ठोका।
कनीय विद्युत अभियंता सचित कुमार ने बताया कि तीनों मामलों में जुर्माने की राशि तय करते हुए नगर थाना में विद्युत ऊर्जा चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Pages:
[1]