रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबरः कासगंज से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेनें जल्द, हाथरस जंक्शन से जुड़ेगा ट्रैक
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/trains-1771746034154_m.webpसांकेतिक तस्वीर।
आकाश राज सिंह, हाथरस। जिले के अगसौली, सिकंदाराराऊ, रति का नगला के अलावा कासगंज के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली जाने के लिए इन्हें अलीगढ़ या हाथरस जंक्शन स्टेशन नहीं आना होगा। कासगंज ट्रैक को हाथरस जंक्शन पर हावड़ा ट्रैक से जोड़ने का सपना पूरा हो सकता है।
करीब ढाई किलोमीटर के इस हिस्से में लाइन डालकर कासगंज से सीधे दिल्ली ट्रेनें दौड़ सकेंगी। इसके लिए रेलवे सर्वे करा रहा है। अभी इन क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली जाने के लिए दूसरे स्टेशनों पर जाना पड़ता है।
लंबे समय से की जा रही थी मांग, डीपीआर बनाने के लिए रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी
कासगंज से दिल्ली ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही है। यह मांग पूरी होने पर हाथरस जंक्शन से कासगंज होते हुए बरेली व कानपुर के लिए भी ट्रेन सेवा उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए कासगंज क्षेत्र के सांसद देवेश शाक्य ने पहल की थी। उन्होंने बताया कि रेल मंत्रालय ने कासगंज रेलमार्ग को हाथरस-मेंडू पर दिल्ली रेलमार्ग से जोड़ने पर सहमति जता दी है।
कासगंज लाइन को जंक्शन से जोड़ने के लिए ढाई किलोमीटर बिछेगी लाइन, सर्वे शुरू
हाथरस जंक्शन पर हाथरस रोड से 02.25 किलोमीटर का नया रेलवे ट्रैक बिछाने के लिए डीपीआर तैयार कराने की मंजूरी दी गई है। सर्वे पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई हो सकेगी।
मेंडू पर हाथरस जंक्शन ट्रैक जुड़ने की संभावना बढ़ी
मेंडू पर हाथरस जंक्शन से रेलवे ट्रैक जुड़ने की मांग काफी दिनों से चली आ रही है। कासगंज से हाथरस जंक्शन स्टेशन पर ट्रैक जोड़ने की पहल से अब उसे भी जल्द जोड़ा जा सकेगा। दोनों ओर से ट्रैक जुड़ने के बाद कासगंज, हाथरस से सीधे दिल्ली के लिए ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। इससे ट्रेनों की संख्या भी बढ़ जाएगी। इसका लाभ दो जिलों के यात्रियों को मिलेगा।
कासगंज से दिल्ली के लिए ट्रेन चलने से इसका लाभ क्षेत्र के हजारों लोगों को मिलेगा। अब उन्हें दिल्ली जाने के लिए हाथरस व अलीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। - अनुज माहेश्वरी, पुरदिलनगर
सिकंदराराऊ, हसायन व पुरदिलनगर से कोई सीधी ट्रेन दिल्ली के लिए नहीं मिलती। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है। अब ट्रेन मिलने से यह राह आसान हो जाएगी। - विशाल दरगढ़, सिकंदराराऊ
यात्रियों के लिए अब सिकंदराराऊ, रति का नगला सहित आसपास के स्टेशनों से सीधी ट्रेन मिल सकेगी। इसकी मांग काफी दिनों से चली आ रही थी। - बबलू सिसोदिया, टीकरी कला
हाथरस जंक्शन पर कासगंज के साथ मेंडू से भी ट्रैक जोड़ दिया जाना चाहिए। दोनों ओर दिल्ली को ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। - हर्ष गुप्ता, कचौरा
हाथरस जंक्शन पर मेंडू को जोड़ने के लिए सर्वे का कार्य कराया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के जो भी दिशा-निर्देश मिलेंगे उन पर नियमानुसार कार्य कराया जाएगा। - अमित कुमार सिंह, पीआरओ एनसीआर प्रयागराज।
Pages:
[1]