Weather Update: झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 13 जिलों में बारिश की संभावना
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/Weather-update--1771727371459_m.webpझारखंड में अगले दो दिन बारिश की संभावना। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, रांची। पिछले कुछ दिनों से राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में तापमान में जहां लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है तो वहीं अगले तीन दिनों मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि 22 फरवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह में कुहासा और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे, साथ ही मौसम शुष्क बना रहेगा।
वहीं, 23 और 24 फरवरी को राज्य के दक्षिणी हिस्से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावा मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, कोडरमा, लोहरदगा और धनबाद में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत हैं।
इसके बाद 25 फरवरी को भी सुबह में कुहासा और बाद में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
हालांकि, सुबह में कुहासा और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा। इस संबंध में मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने अपना पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विज्ञानी ने मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन से सतर्क रहने की सलाह दी है।
जारी रहेगा उतार-चढ़ाव
मौसम विज्ञानी ने बताया तापमान में यह उतार-चढ़ाव फिलहाल बना रहेगा। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री गुमला का रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले चार दिन राजधानी का इतना रहेगा तापमान
[*]22 फरवरी : अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस
[*]23 फरवरी : अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस
[*]24 फरवरी : अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस
[*]25 फरवरी : अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस
Pages:
[1]