हिमाचल शिक्षा विभाग में होगा बड़ा फेरबदल, शिक्षकों के 11,716 रिक्त पदों को सीधी भर्ती और युक्तीकरण से भरने की तैयारी
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/teacher-1771674124705_m.webpहिमाचल प्रदेश में शिक्षकों के रिक्त पदों को युक्तीकरण व सीधी भर्ती से भरने की तैयारी है।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल करने जा रही है। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के 11,716 पद रिक्त हैं, जिन्हें युक्तीकरण और सीधी भर्ती के माध्यम से भरा जाएगा। विभागीय स्तर पर इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। वर्तमान में शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादलों पर प्रतिबंध है, जो 31 मार्च को हटेगा। प्रतिबंध हटने के बाद ही युक्तीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
144 सीबीएसई स्कूलों के लिए बन रहा सब कैडर
प्रदेश में 144 सरकारी स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्धता मिली है। इन स्कूलों में नियुक्ति के लिए शिक्षकों का सब कैडर बनाया जा रहा है। सब कैडर में आने के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही है। विभाग पहले सब कैडर के लिए शिक्षकों का चयन पूरा करेगा। सब कैडर में चयन होने के बाद कई स्कूलों में रिक्त पदों की संख्या बढ़ जाएगी, जिसके कारण व्यापक स्तर पर तबादले होंगे।
और स्कूलों का विलय होगा
राज्य में सबसे ज्यादा रिक्त पद जेबीटी और टीजीटी श्रेणी के हैं। सरकार ने हाल ही में 39 शून्य पंजीकरण वाले स्कूलों को बंद किया है, जबकि 62 के करीब स्कूलों का विलय किया गया है। इन कदमों से भी काफी पद सरप्लस हो गए हैं। इस महीने कुछ और स्कूलों का विलय किया जाएगा।
अगले सत्र से युक्तीकरण
शिक्षा विभाग ने टीजीटी शिक्षकों के युक्तीकरण की प्रक्रिया पिछले साल भी शुरू की थी, लेकिन बीच सत्र में इस प्रक्रिया के शुरू होने के कारण विरोध हुआ था। अब विभाग सत्र के शुरू में ही इस प्रक्रिया को पूरा करेगा, ताकि किसी प्रकार का विरोध उत्पन्न न हो। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दो दिन पूर्व विभागीय समीक्षा बैठक में इस पर विस्तृत चर्चा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इसके लिए प्रक्रिया जल्द शुरू करें।
शिक्षकों की विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पद
राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की विभिन्न श्रेणियों के 11716 पद रिक्त हैं। इनमें प्रधानाचार्य के 86, मुख्याध्यापक के 386, प्रवक्ता के 2642, डीपीई के 164, प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक (कला) के 581, प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक (नान मेडिकल) के 584, प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक (मेडिकल) के 362, उर्दू अध्यापक के 70, पंजाबी अध्यापक के 34, योग शिक्षक के 12, संगीत शिक्षक के 22, गृह शिक्षक के 149, शारीरिक शिक्षक के 1011, कला अध्यापक के 197, भाषा अध्यापक के 230, शास्त्री के 796, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के 16, केंद्र मुख्य शिक्षक के 150, मुख्य शिक्षक के 658, कनिष्ठ बुनियादी अध्यापक के3567 सहित अन्य श्रेणियों के पद रिक्त हैं।
5450 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में
5450 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसमें प्रवक्ता स्कूल न्यू, टीजीटी, जेबीटी, सीएचटी व अन्य श्रेणियों के पद शामिल हैं। शहर के साथ लगते स्कूलों में शिक्षक सरप्लस हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी है। विभाग का कहना है कि सीबीएसई संबद्ध स्कूलों के लिए शिक्षकों का अलग से सब कैडर बनाया जा रहा है। सीबीएसई से संबद्ध ज्यादातर स्कूल शहर के साथ लगते हैं, ऐसे में इनमें चयन से शिक्षक आएंगे, बाकियों को अन्य स्थानों पर जाना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में एक्साइज पॉलिसी में बड़ा बदलाव, अब जनवरी तक देने होंगे शराब की दुकान के पूरे पैसे, ज्यादा वसूली पर कार्रवाई
Pages:
[1]