deltin33 Publish time 1 hour(s) ago

शादी की खुशियां मातम में बदली: लखनऊ में हर्ष फायरिंग के दौरान LDA कर्मी को लगी गोली, इलाज के दौरान मौत

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/22/article/image/lucknow-news-(28)-1771715562095_m.webp

हर्ष फायरिंग में मृत सुनील यादव की फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, लखनऊ। गोमती नगर के विराट खंड में दोस्त के बेटे की शादी में शामिल होने गए 49 वर्षीय एलडीए कर्मी सुनील यादव को शिक्षक की तरफ से की गई हर्ष फायरिंग में गोली लग गई।

शादी में मौजूद लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। बेटे नमन की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर गोमती नगर पुलिस जांच में जुटी है।

अलीगंज के बड़ा चांदगंज निवासी सुनील यादव लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में चालक थे। बेटे नमन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार की रात पिता लगभग नौ बजे विनय खंड निवासी राम कुमार के यहां आयोजित शादी में शामिल होने की बात कहकर घर से निकले थे।

रात 11:45 बजे पिता के दोस्त नितिन शाह का फोन आया कि पापा के पैर में गोली लगी है। आप लोग मैक्स अस्पताल पहुंचिए। नमन के मुताबिक वह लगभग 12 बजे अस्पताल पहुंचे तो उनके पिता अचेत थे। कुछ देर बाद चिकित्सकों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। नमन का कहना है कि उनके पिता को बुलाकर गोली मारी गई है।

नमन की तहरीर पर गोमती नगर थाने में आजमगढ़ के जहानगंज निवासी शाश्वत सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। नमन का आरोप है कि शाश्वत ने ही पिस्टल से गोली चलाई थी। गोमती नगर इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शाश्वत सरकारी विद्यालय में शिक्षक है।



वर्तमान में वह गोमती नगर इलाके में रहता है। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया है। एक टीम उसके गृह जनपद भेजी गई है। आरोपित का फोन बंद है। तलाश में क्राइम ब्रांच और सर्विलांस समेत तीन टीम जुटी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि गोली मृतक के पैर में लगी थी।

अधिक खून बहने या फिर घबराहट से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट होंगे। पिस्टल नमन की थी या किसी और की यह भी पता लगाया जा रहा है।

पार्किंग में चली थी गोली

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सुनील, शाश्वत और कई अन्य लोग जयमाल स्टेज के पीछे पार्किंग में थे। गोली लगने के बाद वह लड़खड़ाते हुए पंडाल के अंदर पहुंचे। लहूलुहान हालत में उन्हें देखकर पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद लोग उन्हें अस्पताल ले गए।

घटना के बाद शादी का कार्यक्रम मातम में बदल गया। घटना के बाद से सुनील के बेटे नमन, बेटी नयन और पत्नी सुमन बदहवास हैं। भांजी स्नेहा ने बताया कि मामा को साजिशन गोली मारी गई है। उन्होने कार्रवाई की मांग की है।
Pages: [1]
View full version: शादी की खुशियां मातम में बदली: लखनऊ में हर्ष फायरिंग के दौरान LDA कर्मी को लगी गोली, इलाज के दौरान मौत