सावधान! बोर्ड एग्जाम के दौरान रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में DJ बजाना पड़ेगा भारी, सीधे दर्ज होगा मुकदमा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/download-1771695364840_m.webpप्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, कानपुर। अगर तेज आवाज संगीत पढ़ाई में बाधा बन रहा है तो छात्र तुरंत यूपी 112 मिला दें। कॉल करते ही पुलिस उनकी शिकायत को संज्ञान में लेकर कार्रवाई करेगी। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम बजाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने शनिवार को बर्रा और चकेरी थाने में छह मुकदमे लिखे। वहीं, शुक्रवार को बिठूर, सचेंडी, रावतपुर, गुजैनी, काकादेव, चकेरी थाने में सात गेस्ट हाउस और दो तेज आवाज संगीत बजाने वालों पर मुकदमा किया है।
सीबीएसई बोर्ड की 17 और यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में छात्र दिन-रात कर परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन शहर के शोरगुल माहौल से छात्रों को सुकून नहीं मिल रहा है। शहर में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद हालात जस के तस हैं।
धार्मिक आयोजन से लेकर होटल-रेस्टोरेंट में शादी-बारात के दौरान देर रात तक तेज आवाज संगीत का शोर होता रहता है। बाजार हो या फिर घनी आबादी। हर मुहल्ले में ध्वनि प्रदूषण की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं। परीक्षा के दौरान छात्रों की पढ़ाई में ये शोर बाधा बना तो पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने गाइडलाइन जारी की। रात 10 के बाद कहीं भी म्यूजिक सिस्टम बजता मिलने पर मुकदमा लिखने के निर्देश दिए।
इसके बाद शहर के सभी जोन की पुलिस ने अभियान चलाना शुरू कर दिया। शुक्रवार रात 10 बजे के बाद गोविंदा इलाइट गेस्ट हाउस में म्यूजिक सिस्टम बजते मिला। चकेरी पुलिस ने प्रबंधक नौंगाल छतरपुर मध्यप्रदेश निवासी दिनेश कुमार चतुर्वेदी के खिलाफ मुकदमा कराया। इसी तरह से श्याम नगर में परिणय गेस्ट हाउस भी तेज साउंड बजते मिलने पर चकेरी थाने के दारोगा नरेंद्र कुमार ने संचालक अरुण कुमार पांडेय व घाटमपुर के सिंहपुर निवासी अवधेश पर मुकदमा कराया।
वहीं, कृष्णा नगर के दारोगा प्रिंस कुमार ने राम वाटिका के प्रबंधक मछरिया नौबस्ता निवासी लल्लन अवस्थी के खिलाफ मुकदमा लिखवाया। बर्रा में तीन गेस्ट हाउस संचालकों पर मुकदमा लिखा गया है। इनमें बर्रा बाईपास स्थित दिव्यांशी गार्डेन के संचालक मोहित, वरदान ग्लैक्सी के संचालक जरौली फेस-टू निवासी भूपेंद्र नाथ शुक्ला और दामोदर नगर स्थित सूर्य लोक गेस्ट हाउस के संचालक फतेहपुर के किशनपुर निवासी राधेश्याम शामिल हैं।
2025 में यूपी 112 में 600 से ज्यादा शिकायतें, ध्वनि प्रदूषण में 289 चालान
वर्ष 2025 में 15 फरवरी से 15 मार्च तक एक माह में ही 600 से ज्यादा शिकायतें यूपी 112 पर पहुंची थी। शिकायतों पर पुलिस पहुंची और कार्रवाई की गई थी। वहीं, यातायात विभाग ने भी पिछले साल ध्वनि प्रदूषण में 289 के चालान किए थे। इस बार भी परीक्षा के दौरान म्यूजिक सिस्टम की तेज आवाज को लेकर शिकायतें आई रही हैं, जिस पर कार्रवाई हो रही है।
परीक्षाएं चल रही है। इस दौरान पुलिस को निरंतर शिकायतें भी मिल रही थी कि गेस्ट हाउस में ध्वनि प्रदूषण का उल्लंघन करते हुए रात 10 के बाद भी म्यूजिक सिस्टम बजाया जा रहा है। ऐसे गेस्ट हाउस और म्यूजिक सिस्टम के खिलाफ मुकदमे लिखे गए हैं। उन्हें चेतावनी भी दी जा रही है। आगे भी पुलिस गश्त कर रही है और यूपी 112 की शिकायत की समीक्षा कर रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों कार्रवाई होगी।
विपिन टाडा, संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था
Pages:
[1]