LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

मर्कोसुर व्यापार समझौते का विस्तार करेगा भारत, पीयूष गोयल ने व्यापार और निवेश बढ़ाने की बात कही

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/Piyush-Goyal-(4)-1771690163775_m.webp

मर्कोसुर व्यापार समझौते का विस्तार करेगा भारत, पीयूष गोयल ने व्यापार और निवेश बढ़ाने की बात कही



PTI, नई दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि भारत दक्षिण अमेरिकी देशों के व्यापारिक समूह \“मर्कोसुर\“ के साथ तरजीही व्यापार समझौते (Preferential Trade Agreements) के विस्तार पर काम कर रहा है।

इसका उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापार और निवेश को और अधिक बढ़ावा देना है। मर्कोसुर लैटिन अमेरिकी देशों का एक प्रमुख व्यापारिक समूह है, जिसमें ब्राजील, अर्जेंटीना, उरुग्वे और पराग्वे शामिल हैं।
2009 में लागू हुआ था भारत और मर्कोसुर के बीच पीटीए

भारत और मर्कोसुर के बीच पीटीए एक जून, 2009 को लागू हुआ था लेकिन वर्तमान में इसका दायरा सीमित है और इसमें केवल 450 उत्पाद ही शामिल हैं। अब दोनों पक्ष इसे एक पूर्ण व्यापार समझौते में बदलने पर विचार कर रहे हैं।

गोयल ने उद्योग मंडल फिक्की के एक कार्यक्रम में कहा कि भारत मर्कोसुर के साथ तरजीही व्यापार समझौते के विस्तार की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

गोयल ने कहा, “मर्कोसुर क्षेत्र हमारे लिए विशेष महत्व रखता है। हम भारत-मर्कोसुर तरजीही व्यापार समझौते के दायरे को बढ़ाने पर काम कर रहे हैं ताकि बाजार तक पहुंच में सुधार हो, दोनों पक्षों के बीच निवेश बढ़े, प्रौद्योगिकी साझेदारी हो और खेल, शिक्षा एवं संस्कृति जैसे क्षेत्रों में आपसी जुड़ाव को मजबूती मिले।“
भारत और ब्राजील के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा

द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करते हुए वाणिज्य मंत्री ने कहा कि भारत और ब्राजील के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन यह अभी भी अपनी क्षमता से कम है। वर्ष 2025 में द्विपक्षीय व्यापार 25 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 15 अरब डॉलर के पार पहुंच गया।

द्विपक्षीय संबंधों की गहराई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रक्षा, ऊर्जा, कृषि और एग्रोकेमिकल्स जैसे क्षेत्रों में जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा, “हम स्वास्थ्य, दवा, नवीकरणीय ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा और विमानन जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग का विस्तार कर रहे हैं।“

इस कार्यक्रम में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लुला डा सिल्वा भी मौजूद थे। उनकी भारत यात्रा के दौरान शनिवार को दोनों देशों की कंपनियों के बीच दवा और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में सहयोग के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

यह भी पढ़ें- भारत पर भारी टैरिफ लगाकर भी घाटा कम नहीं कर पाए ट्रंप, IND के साथ US का व्यापार घाटा बढ़कर 58 अरब डॉलर पहुंचा
Pages: [1]
View full version: मर्कोसुर व्यापार समझौते का विस्तार करेगा भारत, पीयूष गोयल ने व्यापार और निवेश बढ़ाने की बात कही