Chikheang Publish time 1 hour(s) ago

राम मंदिर की भव्यता देख मुदित हुए गुयाना के उप राष्ट्रपति, जन्मभूमि परिसर का किया भ्रमण

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/C-439-1-LKO1438-492485-1771689836014-1771689860035_m.webp

राम मंदिर की भव्यता देख मुदित हुए गुयाना के उप राष्ट्रपति।



जागरण संवाददाता, अयोध्या। दक्षिण अमेरिका महाद्वीप के गणराज्य गुयाना के उप राष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव शनिवार को रामनगरी पहुंचे। वह एयरपोर्ट से सीधे राम मंदिर गए और रामलला व राम परिवार का दर्शन किया। रामजन्मभूमि परिसर का भ्रमण कर मंदिर निर्माण की भी विस्तृत जानकारी ली और सप्तर्षि मंदिरों व पूरक मंदिरों का भी दर्शन किया।

राम मंदिर के निर्माण की शैली और दिव्यता व भव्यता देखकर उप राष्ट्रपति काफी अभिभूत दिखे। वह निर्माण कार्य और दर्शन व्यवस्था से भी प्रभावित हुए। लगभग घंटे भर बाद वह रवाना हो गए।

सुबह लगभग साढ़े दस बजे अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उप राष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव व उनके साथ आए दल का अवधी रीति-रिवाजों के अनुसार स्वस्ति वाचन से वेदपाठियों ने भव्य स्वागत किया और खाद्य एवं रसद मंत्री सतीशचंद्र शर्मा, महापौर महांत गिरीशपति त्रिपाठी व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने बुके भेंट किया।

एयरपोर्ट पर करीब 15 मिनट रुकने के बाद उनका काफिला सीधे जगद्गुरु आद्य शंकराचार्य प्रवेश द्वार (गेट नंबर-11) से रामजन्मभूमि परिसर पहुंचा। यहां रेड कारपेट पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने उप राष्ट्रपति की अगुवानी की।

इस अवसर पर ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्र, मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान, मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआइजी सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, प्रभारी एसएसपी/एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे आदि भी उपस्थित रहे।

महासचिव चंपतराय ने उप राष्ट्रपति व उनके प्रतिनिधियों को रामलला व राम परिवार का दर्शन कराया। इसके बाद सप्तर्षि मंदिरों व पूरक मंदिरों में भी क्रम से दर्शन कराते हुए इनके निर्माण, विशिष्टता व दर्शन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

राम मंदिर से दर्शन करके निकले उप राष्ट्रपति ने लोअर प्लिंथ पर लगे म्यूरल्स का भी अवलोकन किया। साथ रहे महासचिव ने एक-एक म्यूरल के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी।

परिसर में लगभग एक घंटे व्यतीत करने के बाद उप राष्ट्रपति की फ्लीट पुन: एयरपोर्ट पहुंची और वे विशेष विमान से गुजरात के जामनगर के लिए रवाना हो गए।

भारतीय मूल के उप राष्ट्रपति डॉ. जगदेव इन दिनों भारत दौरे पर आए हैं। उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 में भी गुयाना का प्रतिनिधित्व किया है।

यह भी पढ़ें- विराट हिंदू सम्मेलन में साध्वी प्राची का बड़ा बयान, \“संघ न होता, तो अयोध्या में नहीं बनता राम मंदिर\“

यह भी पढ़ें- रामनगरी पहुंचे गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव, रामलला के दरबार में मत्था टेक लिया आशीर्वाद
Pages: [1]
View full version: राम मंदिर की भव्यता देख मुदित हुए गुयाना के उप राष्ट्रपति, जन्मभूमि परिसर का किया भ्रमण