cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

सिवान में गोपालगंज के युवक की चाकू गोदकर हत्या, शव को अर्द्धनिर्मित मुर्गी फार्म में फेंका

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/police-1771682961519_m.webp

निर्माणाधीन मुर्गी फार्म में मिला युवक का शव



संवाद सूत्र, बड़हरिया (सिवान)। सिवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के भलुई पनीसरा गांव स्थित चंवर में निर्माणाधीन मुर्गी फार्म से शनिवार की सुबह पुलिस ने गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के पैठान पट्टी निवासी रफीक अहमद के पुत्र अफसर अली उर्फ पप्पू (32) का शव बरामद किया।

अफसर की बदमाशों ने सिर के पिछले हिस्से में चाकू गोद कर हत्या कर दी थी और उसके शव को निर्माणाधीन मुर्गी फार्म में फेंक दिया था।
बातचीत कर घर से स्कॉर्पियो में सवार होकर निकला

शव मिलने की सूचना पर स्थानीय थाना सहित एसपी पूरन कुमार झा मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को सदर अस्पताल भिजवाया। घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस ने अफसर के रिश्तेदार की स्कॉर्पियो को बरामद किया जिसे अफसर किराए पर सवारियों को ले जाने के लिए चलाता था। वहीं उसका मोबाइल भी पुलिस ने बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अफसर शुक्रवार को सवारियों को लेकर छपरा के खैरा गया था और वहां से वापसी कर शनिवार को अपने घर आ गया था। इसके बाद उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया और वह बातचीत कर घर से स्कॉर्पियो में सवार होकर निकल पड़ा।
शव निर्माणाधीन मुर्गी फार्म में बरामद

इसी बीच शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे उसका शव निर्माणाधीन मुर्गी फार्म में मिलने की सूचना पुलिस को मिली। थानाध्यक्ष छोटन कुमार की सूचना पर पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच घटना की जांच की।

थानाध्यक्ष की सूचना पर फॉरेंसिक टीम पहुंची। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्रित कर अपने साथ ले गई। स्वजनों के अनुसार वह अगले कुछ दिनों में विदेश जाने वाला था। वहीं देर शाम तक पुलिस प्राथमिकी की प्रक्रिया में जुटी थी।


पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। शव से थोड़ी दूरी पर स्कार्पियो बरामद हुई है जो मृत युवक के रिश्तेदार की है। घटनास्थल से मोबाइल बरामद किया गया है। मोबाइल का सीडीआर निकाला जा रहा है। किसके काल आने पर वह घर से निकला था, सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग का नहीं पाया गया है।- पूरन कुमार झा, एसपी सिवान
Pages: [1]
View full version: सिवान में गोपालगंज के युवक की चाकू गोदकर हत्या, शव को अर्द्धनिर्मित मुर्गी फार्म में फेंका